दिल्ली-देहरादून में बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने पर प्रियंका गांधी ने जताई चिंता, कहा- ऐसा न हो कि आगे चलकर...

दिल्ली और देहरादून में बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने पर प्रियंका गांधी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि आगे चलकर हमें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़े।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली के रिज क्षेत्र में गैरकानूनी तरीके से 1100 पेड़ काट दिए गए। सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि "अगर अधिकारी अपने संवैधानिक दायित्यों का पालन नहीं कर रहे हैं तो अदालत को स्पष्ट संकेत देना होगा कि पर्यावरण को इस तरह से नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता है।"

उन्होंने आगे कहा कि दूसरी तरफ, देहरादून में बड़ी संख्या में काटे जा रहे पेड़ों को बचाने के लिए जनता को सड़क पर उतरना पड़ा। खबरों के मुताबिक, विकास कार्यों के लिए हजारों पेड़ काटे जा रहे हैं। हमारी विकास की जरूरतों के बीच यह बहुत जरूरी है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग पर्यावरण के प्रति संवेदनशील हों। कहीं ऐसा न हो कि आगे चलकर हमें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़े।


इससे पहले प्रियंका गांधी ने 21 जून को कहा था, ‘‘कई राज्यों में बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने संबंधी खबरें देखीं। दूसरी तरफ, गर्मी से पूरे देश में मौतें हो रही हैं। बढ़ता तापमान नये रिकॉर्ड बना रहा है। इस बार अप्रैल का महीना जलवायु के इतिहास में सबसे गर्म अप्रैल के रूप में दर्ज हुआ है।’’ प्रियंका गांधी ने कहा था कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन हमें ज्यादा से ज्यादा पर्यावरण को सुरक्षित रखने की जरूरत है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia