पंजाब के कपूरथला में ट्रैक्टर रेस के दौरान बड़ा हादसा, कई लोग गंभीर रूप से घायल, प्रशासन पर उठे सवाल

हर किसी के जहन में यह सवाल है कि आखिरकार इस खतरनाक मौत के खेल पर लगी पाबंदी के बाद भी आयोजन की परमिशन किसने और क्यों दी। सवाल यह भी है कि अगर प्रशासन ने इसकी परमिशन नहीं दी तो प्रशासन की नाक तले इतना खतरनाक आयोजन कैसे हुआ।

पंजाब के कपूरथला में ट्रैक्टर रेस के दौरान बड़ा हादसा, कई लोग गंभीर रूप से घायल
पंजाब के कपूरथला में ट्रैक्टर रेस के दौरान बड़ा हादसा, कई लोग गंभीर रूप से घायल
user

नवजीवन डेस्क

पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा में रविवार को गैरकानूनी तरीके से आयोजित ट्रैक्टर रेस के दौरान खतरनाक हादसा हो गया। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस खौफनाक मंजर की वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार घटना फगवाड़ा के डुमेली गांव की है, जहां गैरकानूनी तरीके से ट्रैक्टर रेस का आयोजन किया गया था। रेस के दौरान दो में से एक ट्रैक्टर का संतुलन ऐसा बिगड़ा की ट्रैक्टर ने साइड पर खड़े लोगों को रौंद डाला। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद फगवाड़ा प्रशासन पर भी कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।


हर किसी के जहन में यह सवाल है कि आखिरकार इस खतरनाक मौत के खेल पर लगी पाबंदी के बाद भी आयोजन की परमिशन किसने और क्यों दी। सवाल यह भी है कि अगर प्रशासन ने इसकी परमिशन नहीं दी तो प्रशासन की नाक तले इतना खतरनाक आयोजन कैसे हुआ। घायल गुरप्रीत सिंह ने बताया कि रेस में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आ गया और 5 से 10 लोगों को कुचल दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल रतन सिंह ने बताया कि एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आ गया। इसके बाद वह और उनका दोस्त बुरी तरह से घायल हो गए। फगवाड़ा पुलिस के डीएसपी जसप्रीत सिंह ने बताया कि नाजायज तरीके से ट्रैक्टर रेस करवाई गई है। पुलिस ने तीन ट्रैक्टर और 4 लोगों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर रेस पूरी तरह से गैरकानूनी है। इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia