बड़ी खबर LIVE: उत्तराखंड के चमोली में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता

उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के कहर के बीच भूकंप आने की खबर है। आज देर शाम चमोली में जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

07 Jul 2024, 10:56 PM

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पिति के लिंदुर गांव में कई जगह जमीन में दरार आई

07 Jul 2024, 10:55 PM

दिल्ली में नाइजीरिया के नागरिक की गोली मारकर हत्या

बाहरी दिल्ली के निलोठी एक्सटेंशन इलाके में दो लोगों ने नाइजीरिया के 40 वर्षीय नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चंद्र विहार इलाके में रह रहे अर्नेस्ट मोराह की एक कपड़े की दुकान के बाहर हत्या कर दी गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार रात नौ बजकर 54 मिनट पर निलोठी एक्सटेंशन इलाके में एक व्यक्ति को गोली मारे जाने के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।’’

पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और अपराध स्थल का निरीक्षण किया गया।पुलिस ने बताया कि बाद में एक शिकायत भी प्राप्त हुई और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमले के बाद पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए दुकान की ओर भागा था। दो लोगों को उस पर बंदूक से हमला करते देखा गया। उसके शरीर पर तीन गोलियां लगी थीं, दो पेट पर और एक पैर पर। घायल को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया।’’ अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह पीड़ित ने दम तोड़ दिया। प्राथमिकी में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है और जांच जारी है।

07 Jul 2024, 10:12 PM

बिहार में पुल-पुलिया गिरना बनी परंपराः तेजस्वी यादव

बिहार के मोतिहारी में ध्वस्त हुई पुलिया को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में 19 दिन में 13 पुल गिरा, रविवार को मोतिहारी में फिर एक पुल गिरा। हमने पहले भी कहा था कि यह गंभीर मसला है। बिहार में लगातार पुल गिर रहे हैं और शासन-प्रशासन चुप्पी साधे है। ऐसा लगता है यह मामूली सी बात है, यह परंपरा बनती जा रही है। मैने हमेशा इस मुद्दे को उठाया है। उन्होंने कहा कि पुल गिरना, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, अपराध, बलात्कार, हत्या और लूट की घटना आए दिन हो रही है। सत्ता में बैठा कोई भी व्यक्ति इस पर बात नहीं करता। किस बात की डबल इंजन सरकार है? न बिहार के लिए कुछ हो रहा है? न कुछ बात हो रही है? बिहार में जो है, वह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। पुल गिर रहे हैं, पेपर लीक हो रहे हैं, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है।

महंगाई पर सरकार को घेरते हुए तेजस्वी ने कहा कि हम आप लोगों से पूछना चाहते हैं, कोई एक सब्जी का नाम बता दो जो 45 रुपए किलो से कम हो? प्याज, टमाटर का क्या भाव है? गोभी का क्या भाव है? आलू का भाव बता दीजिए? पटना में आलू 45 रुपये किलो मिल रहा है। इस पर सरकार ध्यान देने वाली नहीं है। जो सब्जियां चार से पांच रुपए किलो मिलती थी, वह 100 रुपये किलो मिल रही है। लेकिन, इस पर कोई बोलने के लिए तैयार नहीं है, लोग चुप्पी साधे हुए हैं। दिन रात हम लोगों को गाली देने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार किंगपिन लोगों को बचाती है। तेजस्वी का नाम लिया जाता है, इनका काम सिर्फ न्यूज को डाइवर्ट करना है। बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की कोई बात नहीं हो रही है।


07 Jul 2024, 9:55 PM

उत्तराखंड के चमोली में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता

उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के कहर के बीच भूकंप आने की खबर है। आज देर शाम चमोली में जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई। कम तीव्रता के बावजूद भौगोलिक रूप से संवेदनशील इस क्षेत्र में भूकंप ने लोगों में दहशत पैदा कर दिया है।

07 Jul 2024, 9:50 PM

बिहार में पुल-पुलियों के टूटने पर नहीं लगा ब्रेक, अब मोतिहारी में ध्वस्त हुई पुलिया

बिहार में बारिश के मौसम में पुल-पुलियों के टूटने का सिलसिला जारी है। अब, रविवार को पूर्वी चंपारण जिले में एक पुलिया ध्वस्त हो गई। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के मधुबन प्रखंड स्थित लोहरगावां गांव में एक पुलिया ध्वस्त हो गई। इस पुलिया का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत हुआ था। इसका निर्माण 2019 में दो लाख रुपये की लागत से किया गया था। सड़क और पुलिया के रखरखाव और अनुरंक्षण की तिथि से दो महीने पहले ही पुलिया ध्वस्त हो गई। इस पुलिया के ध्वस्त होने से लोहरगावां गांव की करीब पांच सौ से ज्यादा की आबादी प्रभावित हो गई है। पुलिया के ध्वस्त होने से अनुसूचित जाति और अति पिछड़ा समाज के लोगों का संपर्क भी टूट गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस पुलिया के ध्वस्त होने से लोगों का संपर्क टूट गया है, लोग प्रभावित हैं। पुलिया ध्वस्त होने से एक शख्स इसकी चपेट में आ गया, उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। ग्रामीणों ने पुलिया टूटने पर चिंता जताई है। उन्होंने इसके शीघ्र निर्माण की मांग की है।


07 Jul 2024, 9:49 PM

वर्ली हिट एंड रन केसः कार में मौजूद रहे राजेंद्र सिंह बिदावत गिरफ्तार, मिहिर शाह फरार, तलाश में छापेमारी जारी

मुंबई के वर्ली हिट एंड रन केस में वर्ली पुलिस ने कार में मौजूद राजेंद्र सिंह बिदावत और मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को गिरफ्तार कर लिया है। मिहिर फरार है, उसकी तलाश के लिए पुलिस की 6 टीमें बनाई गई हैं। आरोपीयों को मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा है।

07 Jul 2024, 8:25 PM

दूसरे टी-20 मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 100 रन से हराया, पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर की


07 Jul 2024, 8:24 PM

बिहार में जो कुछ है वो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा हैः तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ये डबल इंजन की सरकार किस लिए है? बिहार के लिए कुछ नहीं हो रहा है और कोई इस पर बात नहीं कर रहा है। बिहार में जो कुछ है वो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है, पुल गिर रहे हैं, पेपर लीक हो रहे हैं और अपराध, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है... इस पर कोई बोलने को तैयार नहीं है। दिन-रात गाली देने से कुछ नहीं होने वाला है... कोई बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की बात भी नहीं कर रहा है। ये डबल इंजन की सरकार किस लिए है?

07 Jul 2024, 8:13 PM

बिहार के गया में नाबालिग लड़की का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म

बिहार के गया जिले से दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर तीन लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गया पुलिस ने इस घटना को लेकर कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य अभी भी फरार हैं। घटना गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। 1 जुलाई की रात को लड़की को उसके घर से अगवा कर ईंट भट्ठे पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के साथ लगातार तीन दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसे 4 जुलाई को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर छोड़ दिया गया। लड़की अपने घर पहुंची। पहले तो वह एक दिन चुप रही। आखिरकार, उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई।

पीड़िता के परिवार ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और शनिवार शाम को प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़िता के परिवार पर पुलिस से संपर्क नहीं करने का दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन वे इमामगंज थाना पहुंचे और उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही इमामगंज पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की और मुख्य आरोपी पप्पू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गया जिले के इमामगंज रेंज के एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया, "पप्पू सिंह को गया शहर के रामपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत सिकरिया इलाके से गिरफ्तार किया गया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है।"


07 Jul 2024, 7:30 PM

तमिलनाडु बीएसपी प्रदेश अध्यक्ष के आर्मस्ट्रांग की अंतिम संस्कार यात्रा  चेन्नई में जारी

07 Jul 2024, 7:28 PM

भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 235 रनों का बड़ा टारगेट, अभिषेक शर्मा ने लगाया शतक

जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में मिली अप्रत्याशित हार के एक दिन बाद ही उसी मैदान पर युवा टीम इंडिया की प्रचंड बल्लेबाजी देखने के लिए मिली। भारत ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में अभिषेक शर्मा के शानदार शतक और ऋतुराज गायकवाड़ के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 234 रनों का बड़ा स्कोर बना दिया।

भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम इंडिया की शुरुआत एक बार फिर से खराब रही। कप्तान शुभमन गिल ब्लेसिंग मुज़ारबानी की गेंद पर महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बाएं हाथ के तूफानी ओपनर अभिषेक शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने तेज बल्लेबाजी करके खूब रन बटोरे और मेजबान टीम के गेंदबाजों को असहाय कर दिया। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने अपना पहला अन्तर्राष्ट्रीय शतक पूरा किया। उन्होंने 47 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली और वेलिंग्टन मसाकाद्जा की गेंद पर आउट हुए। अभिषेक शर्मा ने अपनी विध्वंसक पारी में 7 चौके और 8 छक्के लगाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने अंत तक नाबाद रहते हुए 47 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली।

भारतीय उपकप्तान ने 11 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके अलावा रिंकू सिंह ने एक बार फिर जबरदस्त फिनिशिंग करते हुए महज 22 गेंदों पर 5 छक्के लगाकर नाबाद 48 रन बनाए। भारत ने इस मैच में एक बदलाव करते हुए खलील अहमद की जगह पर साई सुदर्शन को जगह दी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन को अपने डेब्यू टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मैच में बैटिंग करने का मौका नहीं मिला है। जिम्बाब्वे की गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुज़ारबानी ने 4 ओवर में 1 मेडन ओवर फेंककर 30 रन दिए और एक विकेट लिया। उनके अलावा बाकी सभी गेंदबाजों की भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की।


07 Jul 2024, 6:55 PM

दिल्ली पुलिस ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR दर्ज की, NCW प्रमुख रेखा शर्मा ने की थी शिकायत

दिल्ली पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत का संज्ञान लेते हुए और इसकी सामग्री की प्रारंभिक जांच के बाद टीएमसी सांसद मोहुआ मित्रा के खिलाफ धारा 79, बीएनएस-2023 के तहत पीएस स्पेशल सेल में मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

07 Jul 2024, 6:53 PM

झारखंड में 8 जुलाई को होगा हेमंत सोरेन सरकार का कैबिनेट विस्तार


07 Jul 2024, 6:52 PM

वर्ली हिट एंड रन मामले पर संजय राउत बोले- गुंडों का एक गिरोह महाराष्ट्र सरकार चला रहा है

मुंबई के वर्ली हिट एंड रन मामले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि गुंडों का एक गिरोह महाराष्ट्र सरकार चला रहा है। अगर राज्य में कानून-व्यवस्था है तो उन्हें मिहिर शाह को गिरफ्तार करना चाहिए।

07 Jul 2024, 6:14 PM

तेलंगाना सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती हैः रेवंत रेड्डी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने हैदराबाद के एनटीआर स्टेडियम में इस्कॉन संस्था द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ की 45वीं रथ यात्रा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्कॉन ने एक अच्छा कार्यक्रम आयोजित किया है। "मेरी सरकार सभी के लिए है। राज्य सरकार हर धर्म का सम्मान करती है और सभी धर्मों को स्वतंत्रता और अवसर प्रदान करती है।" उन्होंने कहा कि इस्कॉन की प्रार्थनाओं से तेलंगाना फल-फूल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य और समृद्ध होगा। उन्होंने कहा, "मेरी सरकार यह संदेश फैलाने की कोशिश कर रही है कि मानव सेवा ही परम सेवा है। सरकार ऐसे अच्छे कार्यक्रमों का समर्थन करती है।" रेवंत रेड्डी ने यह भी कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में बदलाव लाते हैं। इस्कॉन मंदिर, अबिड्स के तत्वावधान में रथ यात्रा आयोजित की गई। रथ यात्रा शहर के एनटीआर स्टेडियम से प्रदर्शनी मैदान तक निकाली गई। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूजा-अर्चना की और विभिन्न अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।


07 Jul 2024, 6:07 PM

कांग्रेस ने ‘बेरोजगारी संकट बढ़ने’ को लेकर सरकार पर साधा निशाना, MSME को तबाह करने का आरोप लगाया

कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने तुगलकी नोटबंदी, जल्दबाजी में लागू जीएसटी और चीन से बढ़ते आयात के कारण रोजगार सृजन करने वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को तबाह कर भारत में बेरोजगारी के संकट को बढ़ा दिया है।

कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक बयान में वैश्विक बैंक सिटीग्रुप की एक नयी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि कुछ चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं, जो हाल के चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेस द्वारा कही गई बातों की पुष्टि करते हैं। रमेश ने कहा, ‘‘कांग्रेस बेरोजगारी संकट पर लगातार चिंता जताती रही है। तुगलकी नोटबंदी, जल्दबाजी में लागू जीएसटी (माल एवं सेवा कर) और चीन से बढ़ते आयात के कारण रोजगार सृजन करने वाले एमएसएमई के पूरी तरह ध्वस्त हो जाने से यह संकट और बढ़ गया है।’’

07 Jul 2024, 5:53 PM

आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में एक सीमेंट फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 16 लोग घायल हो गए


07 Jul 2024, 5:51 PM

दिल्ली के हौज खास में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए श्रद्धालु एकत्रित हुए

07 Jul 2024, 5:49 PM

मुंबई के वर्ली में कार ने दंपति को मारी टक्कर, महिला की मौत

मुंबई के वर्ली इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। रविवार को बीएमडब्ल्यू कार ने एक दंपति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला बोनट पर घसीटती चली गई। दरअसल, वर्ली में मशहूर अटरिया मॉल के पास एक बेलगाम बीएमडब्ल्यू कार ने मछुआरे दंपति को टक्कर मार दी। दंपत्ति अपने दोपहिया वाहन से मछली पकड़कर घर लौट रहे थे। टक्कर लगने के बाद महिला कार की बोनट पर जा गिरी, इसके बाद भी कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। काफी दूर तक महिला घसीटती रही और फिर नीचे गिर गई।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में शिवसेना (शिंदे) के नेता राजेश शाह को हिरासत में लिया है। वहीं, कार चालक मिहिर की तलाश जारी है। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है। पुलिस की मानें तो शिवसेना (शिंदे) नेता राजेश शाह का पुत्र मिहिर कार चला रहा था। उसने ही मछुआरा दंपति के दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद दंपति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके पति का इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार दंपति अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर मछली पकड़ने गए थे। मछली लेकर घर लौटने के दौरान हादसा हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मैंने पुलिस से बात की है। दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, कानून के सामने सब बराबर हैं।

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह दिल दहला देने वाली घटना है, आरोपी की गिरफ्तार होनी चाहिए। मैं इस घटना को कोई राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता। यातायात नियमों का उल्लंघन तेजी से बढ़ा है, नियम तोड़ने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बता दें कि कुछ दिन पहले भी पुणे में हिट एंड रन का एक मामला सामने आया था। पुणे में एक नाबालिग ने अपनी पोर्श कार से बाइक सवार युवक और युवती को टक्कर मार दी थी, हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। मृतक लड़का और लड़की एक आईटी कंपनी में नौकरी करते थे।


07 Jul 2024, 5:38 PM

मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले के निंगोमथोंग कितना पनुंग में लोग भयावह बाढ़ की समस्याओं का कर रहे हैं सामना

07 Jul 2024, 5:36 PM

असम के दरांग जिले में बाढ़ की स्थिति के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित


07 Jul 2024, 4:44 PM

बिहार के पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में बाढ़ का खतरा, हाई अलर्ट पर जिला प्रशासन

नेपाल में भारी बारिश से बिहार के पश्चिम चंपारण और गोपालगंज जिलों में स्थिति काफी चिंताजनक बन गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक/गण्डकी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। नेपाल में भारी बारिश के कारण देवघाट पर नारायणी नदी का जलस्तर 5.71 क्यूसेक तक बढ़ गया है, इसलिए वहां से पानी छोड़ा जा रहा है। इसका असर गंडक नदी पर भी पड़ रहा है। इसके चलते जल संसाधन विभाग ने शनिवार रात वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से 4.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा। जल स्तर बढ़ने से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पानी घुस गया है। इस वजह से निवासियों और वन्यजीव दोनों के लिए खतरा पैदा हो गया है। पानी बैरागी और सोनबर्सा पंचायत क्षेत्रों में भी घुस गया है। इसके चलते अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

वाल्मीकिनगर गंडक बैराज के सुपरिडेंटेंड इंजीनियर नवल किशोर भारती ने बताया, "अचानक जलस्तर बढ़ने से हमने वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से 4.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है। पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए बैराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं।" जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। हम तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं। निवासियों को चेतावनी देने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहने के लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया जा रहा है। मौसम विभाग को उत्तर बिहार के मधुबनी, सुपौल, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

07 Jul 2024, 4:43 PM

जापान में भीषण गर्मी से लोग परेशान; कई क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री के करीब ,दो बुजुर्गों की मौत

जापान में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। देश में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को टोकाई से लेकर कांतो में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने 26 प्रांतों के लिए हीट स्ट्रोक अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा निवासियों से भीषण गर्मी से सावधानी बरतने की अपील की है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल तापमान नीचे जाने की कोई संभावना नहीं है। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की आशंका है। इस साल पहली बार होगा जब जापान में 200 से ज्यादा स्थानों पर भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। जेएमए के अनुसार, रविवार को टोक्यो में पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। टोकाई से कांतो तक कई क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। वहीं माएबाशी और चिचिबू में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। जबकि कांतो के कुछ क्षेत्रों के अंदर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। एहिमे और तोकुशिमा प्रांत में दो बुजुर्गों की इससे मौत हो गई। जबकि टोक्यो में गर्मी से संबंधित 119 आपातकालीन मामले सामने आए। इनमें तीन बुजुर्गों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने निवासियों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों से एयर कंडीशनर का उचित उपयोग करने को कहा है। इसके अलावा ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, धूप के समय घर से बाहर न निकलने और एक्सरसाइज से बचने की सलाह दी है।


07 Jul 2024, 4:16 PM

मायावती ने तमिलनाडु के दिवंगत बीएसपी अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि, कल चेन्नई में अज्ञात लोगों ने की थी हत्या  

07 Jul 2024, 4:06 PM

मौसम विभाग ने जारी किया ताजा अलर्ट, जानें देश के किन हिस्सों में होगी भारी बारिश

मौसम की स्थिति पर IMD वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा, "मानसून सक्रिय चरण में है। उसके प्रभाव से उत्तर भारत में आज के दिन लगभग सभी जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में हमारा अनुमान है कि आज अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। मध्य भारत में भी बहुत से बहुत अधिक बारिश की संभावना है। दिल्ली में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। आने वाले 4-5 दिनों तक भी दिल्ली में हल्की बारिश की ही संभावना है।"


07 Jul 2024, 3:23 PM

हाथरस में हुई भगदड़ की घटना पर न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति बृजेश कुमार (सेवानिवृत्त) का बयान 

हाथरस में हुई भगदड़ की घटना पर न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति बृजेश कुमार (सेवानिवृत्त) ने कहा, "हमने पहले ही विवरण साझा कर दिया है। हमने कुछ लोगों से पूछताछ की है और कुछ डिटेल नोट की हैं। जल्द ही हम एक सार्वजनिक नोटिस जारी करेंगे। कानून अपना काम करेगा। हम मामले से संबंधित हर व्यक्ति से पूछताछ करेंगे। हम सभी के बयान दर्ज करेंगे और फिर हम आगे की कार्रवाई करेंगे।"

07 Jul 2024, 1:34 PM

राजस्थान: आज केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा(CTET) परीक्षा ली जा रही है 


07 Jul 2024, 12:36 PM

झारखंड: महेंद्र सिंह धोनी के 43वें जन्मदिन के अवसर पर उनके प्रशंसकों ने रांची में उनके घर के पास केक काटा

07 Jul 2024, 11:49 AM

हाथरस हादसे को लेकर राहुल गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, मुआवजा बढ़ाने की अपील की

कांग्रेस सांसद और नेत प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने हाथरस भगदड़ पीड़ितों के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग की है। राहुल गांधी ने यह पत्र अपने एक्स हैंडल पर भी शेयर किया है। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, हाथरस में भगदड़ हादसे से प्रभावित पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर, उनका दुख महसूस कर और समस्याएं जान कर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र के माध्यम से उनसे अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी से मुआवजे की राशि को बढ़ाकर शोकाकुल परिवारों को जल्द से जल्द प्रदान करने का आग्रह किया। इस दुख की घड़ी में उन्हें हमारी सामूहिक संवेदना और सहायता की आवश्यकता है।


07 Jul 2024, 10:24 AM

तमिलनाडु: बीएसपी प्रमुख मायावती दिवंगत बीएसपी तमिलनाडु अध्यक्ष के आर्मस्ट्रांग को श्रद्धांजलि देने चेन्नई पहुंचीं

07 Jul 2024, 9:27 AM

तमिलनाडु: राज्य BSP अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग का पार्थिव शरीर सार्वजनिक श्रद्धांजलि के लिए पेरम्बूर के कॉर्पोरेशन स्कूल मैदान में रखा गया 


07 Jul 2024, 8:17 AM

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में कल से चल रहे ऑपरेशन में 4 आतंकवादी मारे गए, दो जवान शहीद, ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में कल से चल रहे ऑपरेशन में 4 आतंकवादी मारे गए हैं। मुठभेड़ में भारतीय सेना के 2 जवानों ने भी अपनी जान गंवाई है। ऑपरेशन अभी भी जारी है। रक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

07 Jul 2024, 7:52 AM

गुजरात के सूरत में इमारत के मलबे से अब तक 7 शव बरामद, शनिवार को गिरी थी 6 मंजिला इमारत 

गुजरात के सूरत के सचिन इलाके में बड़ा हादसा हुआ है है। शनिवार को 6 मंजिला इमारत ढहने के बाद से अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं। अभी भी मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia