बड़ी खबर LIVE: डॉक्टरों की हड़ताल के बीच ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान- मैं लोगों की खातिर इस्तीफा देने को तैयार हूं

पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के बीच आज कहा कि मैं आंदोलन का सम्मान करती हूं। मैं आम लोगों के न्याय के लिए पद छोड़ने के लिए तैयार हूं। लेकिन वे न्याय नहीं चाहते हैं कि वे केवल सत्ता चाहते हैं। मैं पद छोड़ने के लिए तैयार हूं।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

12 Sep 2024, 10:23 PM

सीताराम येचुरी के निधन पर संजय राउत बोले- सभी राजनीतिक पार्टियाँ उनसे प्यार करती थीं

सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, "सीताराम येचुरी का निधन देश के लिए एक चौंकाने वाली खबर है। उनका नाम देश की राजनीति में लगभग पांच दशकों तक हमेशा रहा। वह कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव थे और ऐसे नेता थे कि देश की सभी राजनीतिक पार्टियाँ उनसे प्यार करती थीं। ऐसा बहुत कम होता है। उन्होंने इंडिया गठबंधन बनाने में बहुत योगदान दिया है... हमने नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी चले जाएंगे... मेरी और मेरी पार्टी की ओर से हम उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं।"

12 Sep 2024, 9:40 PM

बंगाल के राज्यपाल आनंद बोस ने सीएमॉ ममता के साथ कोई भी सार्वजनिक मंच साझा नहीं करने का ऐलान किया

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आनंद बोस ने ऐलान किया है कि आरजी कर अस्पताल मामले पर जारी गतिरोध को लेकर लोगों के गुस्से को देखते हुए मैं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ कोई सार्वजनिक मंच साझा नहीं करूंगा। राज्यपाल बोस ने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए मैं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कदम उठाऊंगा।

12 Sep 2024, 9:33 PM

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने सीताराम येचूरी की पत्नी सीमा चिश्ती को लिखा पत्र, बोले- उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकरजुन खड़गे ने सीपीआई (एम) के महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद सीताराम येचूरी के निधन पर दुख जताते हुए उनकी पत्नी सीमा चिश्ती को एक पत्र लिखा है। पत्र में खड़गे ने कहा कि मैंं खुद और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से, मैं एक अनुभवी नेता, सीताराम येचूरी के निधन पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने लोगों की सेवा करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा और संरक्षित किया जाएगा। हम दुख के इस कठिन समय के दौरान उनके परिवार के लिए प्रार्थना करते हैं। हम समझते हैं कि व्यक्तिगत दुःख के ऐसे क्षण अविश्वसनीय रूप से दर्दनाक हैं, और कोई भी शब्द वास्तव में दुःख को कम नहीं कर सकता है।


12 Sep 2024, 9:21 PM

सीताराम येचूरी के निधन पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख बोले- हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते

सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचूरी के निधन पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "वह एक बड़े भाई की तरह थे और हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते थे। वह देश की स्थिति के बारे में चिंता करते थे। हमने उनसे बहुत कुछ सीखा है। हमारी संवेदना उनके परिवार के साथ है, हम उनके साथ इस समय के दुःख में खड़े हैं। हम उनसे लगातार फोन पर बात करते थे। उनके जाने से भारतीय राजनीति में भारी नुकसान हुआ है। वह हमेशा याद रहेंगे।

12 Sep 2024, 9:08 PM

शिमला मस्जिद विवादः मुस्लिम समिति ने नगर निगम से विवादित हिस्सा सील करने का आग्रह किया

हिमाचल प्रदेस के शिमला में संजौली मस्जिद को लेकर बढ़ते तनाव के बीच स्थानीय मुस्लिम कल्याण समिति ने बृहस्पतिवार को नगर निगम आयुक्त से अनधिकृत हिस्से को सील करने का आग्रह किया और अदालत के आदेश के अनुसार इसे ध्वस्त करने की भी पेशकश की।समिति में मस्जिद के इमाम और वक्फ बोर्ड और मस्जिद प्रबंधन समिति के सदस्य शामिल हैं।

समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त भूपेंद्र अत्री को सौंपे एक ज्ञापन में यह अनुरोध किया और कहा कि इलाके में रहने वाले मुसलमान हिमाचल प्रदेश के स्थायी निवासी हैं और समिति सद्भाव व भाईचारे को बनाए रखने के लिए यह कदम उठा रही है। कल्याण समिति के सदस्य मुफ्ती मोहम्मद शफी कासमी ने कहा, ‘‘हमने संजौली में स्थित मस्जिद के अनधिकृत हिस्से को गिराने के लिए शिमला नगर आयुक्त से अनुमति मांगी है।’’

संजौली मस्जिद के इमाम ने कहा, ‘‘हम पर कोई दबाव नहीं है, हम दशकों से यहां रह रहे हैं और यह फैसला एक हिमाचली के तौर पर लिया गया है। हम शांति से रहना चाहते हैं और भाईचारा कायम रहना चाहिए।’’ ज्ञापन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए, अत्री ने कहा, ‘‘मुस्लिम कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मामले का फैसला होने तक मस्जिद के अनधिकृत हिस्से को सील करने का आग्रह किया।’’ निगम आयुक्त ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रतिनिधिमंडल ने) कहा कि अगर मामले का फैसला उनके खिलाफ आता है तो वे खुद ही ढांचे को ध्वस्त कर देंगे।’’

मस्जिद में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान करने वाली देव भूमि संघर्ष समिति के सदस्यों ने इस कदम का स्वागत किया। समिति के सदस्य विजय शर्मा ने कहा, “हम मुस्लिम समुदाय के कदम का स्वागत करते हैं और व्यापक हित में यह पहल करने के लिए हम सबसे पहले उनका अभिवादन करेंगे।”

मस्जिद में विवादित ढांचे को गिराने और राज्य में आने वाले बाहरी लोगों के पंजीकरण की मांग कर रहे हिंदू संगठनों ने बुधवार को संजौली बंद का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारी अवरोधक को तोड़ते हुए मस्जिद के करीब पहुंच गए थे जिसके बाद पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया और पानी की बौछारें की गईं। इस झड़प में छह पुलिसकर्मियों और चार प्रदर्शनकारियों सहित कम से कम 10 लोग घायल हो गए थे।

मस्जिद में कुछ मंजिलों के अनधिकृत या अवैध निर्माण के मामले की सुनवाई नगर निगम की अदालत में हो रही है और अगली सुनवाई पांच अक्टूबर को तय की गई है।


12 Sep 2024, 8:16 PM

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने CPM महासचिव सीताराम येचूरी के निधन पर शोक जताया

12 Sep 2024, 8:14 PM

बिहार में कई आईपीएस अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक की हुई तैनाती

बिहार में गुरुवार को बड़ी संख्या में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया। कई जिलों के पुलिस अधीक्षक भी बदल दिए गए हैं। गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, औरंगाबाद की पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वप्ना गौतम मेश्राम को समादेष्टा, बिहार विशेष पुलिस सशस्त्र, बोध गया की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि, दीपक रंजन को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, बोध गया से सहायक पुलिस महानिरीक्षक बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, बिहार के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

इसी तरह, शैलेश कुमार सिन्हा को शिवहर के एसपी का दायित्व सौंपा गया है। जबकि, पूर्णिया के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को समादेष्टा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस पटना का दायित्व दिया गया है। गौरव मंगला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, रेल, पटना, डी. अमरकेश को पुलिस अधीक्षक, साइबर प्रशिक्षण पोर्टल और समन्वय, आर्थिक अपराध इकाई, पंकज कुमार को पुलिस अधीक्षक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो तथा कार्तिकेय के. शर्मा को पूर्णिया का एसपी बनाया गया है।

इसके अलावा विनय तिवारी को पुलिस अधीक्षक, रेल, मुजफ्फरपुर, अशोक मिश्र को समस्तीपुर का एसपी, अनंत कुमार राय को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस- 16, स्वर्ण प्रभात को पूर्वी चंपारण का एसपी, शौर्य सुमन को पश्चिमी चंपारण का एसपी, विनीत कुमार को विशेष शाखा पटना का एसपी और अंबरीश राहुल को औरंगाबाद का एसपी बनाया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, प्रमोद कुमार यादव को विशेष कार्य बल का एसपी, मनीष कुमार को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) का एसपी, वैभव शर्मा को कटिहार का एसपी, रौशन कुमार को रोहतास का एसपी, अवधेश दीक्षित को गोपालगंज का एसपी, भारत सोनी को नालंदा का एसपी, मिस्टर राज को भोजपुर का एसपी तथा चंद्र प्रकाश को जमुई का एसपी बनाया गया है। इसके अलावा अभिनव धीमन को नवादा का एसपी, शुभम आर्य को बक्सर का एसपी, अजय कुमार को लखीसराय का एसपी तथा बमबम चौधरी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के एसपी पद का दायित्व सौंपा गया है


12 Sep 2024, 7:58 PM

डॉक्टरों की हड़ताल के बीच ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान- मैं लोगों की खातिर इस्तीफा देने को तैयार हूं

पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल के बीच आज कहा कि मैं आंदोलन का सम्मान करती हूं। मैं आम लोगों के लिए न्याय के लिए पद छोड़ने के लिए तैयार हूं। लेकिन वे न्याय नहीं चाहते हैं कि वे केवल सत्ता चाहते हैं। मैं न्याय के लिए पद छोड़ने के लिए तैयार हूं।

12 Sep 2024, 7:23 PM

महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक कारखाने में विस्फोट होने से तीन श्रमिकों की मौत, तीन घायल

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को एक रसायन कारखाने में वेल्डिंग के काम के दौरान मेथनॉल युक्त भंडारण टैंक में विस्फोट होने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई और इतने ही घायल हो गए। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने बताया कि घटना मुंबई से करीब 110 किलोमीटर दूर रोहा कस्बे के धातव एमआईडीसी में ‘साधना नाइट्रो केम लिमिटेड’ में सुबह 11 बजकर 15 मिनट की है। उन्होंने बताया, ‘‘रासायनिक संयंत्र के भंडारण टैंक में विस्फोट हुआ था।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रसायन संयंत्र में फैब्रिकेशन के लिए उत्तर प्रदेश से आए तीन लोगों की विस्फोट में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वे वेल्डिंग का काम कर रहे थे, तभी चिंगारी के कारण अत्यधिक ज्वलनशील मेथनॉल युक्त भंडारण टैंक में विस्फोट हो गया।अधिकारी ने बताया कि विस्फोट में बासुकी यादव (45), दिनेश कुमार खरबन (60) और संजीव कुमार (20) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के पास मौजूद तीन और श्रमिक झुलस गए।

घायलों को पहले रोहा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उन्हें नवी मुंबई के ऐरोली स्थित ‘नेशनल बर्न्स सेंटर’ स्थानांतरित किया गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल विभाग के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि साथ ही कारखाने में तलाशी अभियान जारी है।


12 Sep 2024, 7:18 PM

गृह मंत्री अमित शाह ने सीपीएम महासचिव सीताराम येचरी के निधन पर दुख जताया, राजनीतिक जगत के लिए क्षति बताया

12 Sep 2024, 7:15 PM

CPM नेताओं ने दिल्ली में पार्टी कार्यालय में पार्टी महासचिव सीताराम येचूरी को श्रद्धांजलि दी


12 Sep 2024, 7:13 PM

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीपीएम महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद सीताराम येचूरी के निधन पर दुख जताया

12 Sep 2024, 7:08 PM

सीताराम येचूरी के निधन पर पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जताया दुख, बोले- वह बहुत अच्छे सांसद थे

सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचूरी के निधन पर पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि जब मुझे उनकी बीमारी के बारे में पता चला, तो मैं उनके परिवार, उनके चाचा से पूछताछ कर रहा था और शुरुआती रिकवरी की उम्मीद कर रहा था। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह हमें छोड़कर चले गए। वह बहुत अच्छे सांसद थे ... मैं उनके परिवार को और उनकी पार्टी को भी अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।


12 Sep 2024, 7:03 PM

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि येचुरी एक दिग्गज नेता थे, जो भारतीय राजनीति में सबसे प्रतिष्ठित आवाजों में से एक के रूप में उभरे।

नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उन्हें (येचुरी) मुद्दों पर बौद्धिक दृष्टिकोण और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव के लिए जाना जाता था। विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर नेताओं के साथ उनकी व्यावहारिक बहस ने उन्हें अपनी पार्टी से परे पहचान दिलाई।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी का गुरुवार को दिल्ली मे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे।

12 Sep 2024, 7:02 PM

बंगाल: सचिवालय पहुंचे प्रदर्शनकारी चिकित्सक, बैठक के सीधे प्रसारण को लेकर गतिरोध

कोलकाता स्थित आरजी कर अस्पताल में जारी गतिरोध को हल करने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में बातचीत में शामिल होने के लिए आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों का एक समूह राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ पहुंच गया। पुलिस सुरक्षा में प्रतिनिधिमंडल शाम करीब पांच बजकर 25 मिनट पर सचिवालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल, बैठक शुरू होने के निर्धारित समय से करीब 25 मिनट देर से पहुंचा। राज्य सरकार द्वारा अनिवार्य 15 लोगों के बजाय 30 चिकित्सक नबान्न पहुंचे हैं।

प्रतिनिधिमंडल को सचिवालय में बैठक स्थल ‘नाबन्न सभागार’ के बाहर शाम पांच बजकर 45 मिनट तक इंतजार करते हुए देखा जा सकता था। प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्य प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करते हुए दिखाई दिये। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य भवन के बाहर धरना शुरू करने से पहले कहा था कि वे बैठक का सीधा प्रसारण करने की मांग से पीछे हटने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं।

राज्य के मुख्य सचिव बैठक के लिए अपने नये निमंत्रण में पहले ही इस मांग को अस्वीकार कर चुके हैं। बैठक स्थल पर चिकित्सक और सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग बैठक की ताकि यह तय किया जा सके कि बैठक की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण किया जाए या नहीं।अंतिम खबर प्राप्त होने तक इस मामले पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई थी


12 Sep 2024, 6:55 PM

प्रधानमंत्री मोदी ने येचुरी के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव और राज्यसभा के पूर्व सदस्य सीताराम येचुरी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वह वामपंथियों में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे तथा दलगत राजनीति से ऊपर सभी से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे। येचुरी का गुरुवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे।

उनकी हालत पिछले कुछ दिन से गंभीर बनी हुई थी और उन्हें कृत्रिम श्वसन प्रणाली पर रखा गया था।

मोदी ने येचुरी के साथ मुलाकात की एक तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीताराम येचुरी जी के निधन से दुखी हूं। वह वामपंथियों में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे और दलगत राजनीति से ऊपर सभी से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘येचुरी ने एक प्रभावी सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।’’

12 Sep 2024, 6:43 PM

नहीं रहे सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, राष्ट्रपति, पीएम मोदी, राहुल गांधी ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार एवं सहयोगियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुर्मू ने कहा कि येचुरी एक प्रतिबद्ध विचारक थे और उनमें मित्रों में विभिन्न दलों से जुड़े व्यक्ति शामिल थे। माकपा के तीन बार महासचिव रहे येचुरी का लंबी बीमारी के बाद बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे।


12 Sep 2024, 5:59 PM

ममता बनर्जी ने येचुरी के निधन पर दुख जताया, भारतीय राजनीति के लिए क्षति करार दिया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ माकपा नेता सीताराम येचुरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे भारतीय राजनीति के लिए क्षति करार दिया। उन्होंने येचुरी के परिवार, मित्रों और पार्टी सहयोगियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘सीताराम येचुरी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। मैं उन्हें एक वरिष्ठ सांसद के रूप में जानती थी और उनका निधन राष्ट्रीय राजनीति के लिए क्षति है। मैं उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वरिष्ठ माकपा नेता सीताराम येचुरी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वैसे तो हमारी राजनीतिक विचारधाराएं अलग थीं, लेकिन पिछले कुछ सालों में विपक्ष की कई बैठकों में मुझे उनसे बातचीत करने का सौभाग्य मिला।’’

उन्होंने कहा, ‘‘येचुरी की सादगी, लोक नीति की गहन समझ और संसदीय मामलों में उनकी गहरी अंतर्दृष्टि वास्तव में उल्लेखनीय थी। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी का बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे।

12 Sep 2024, 5:57 PM

सीताराम येचुरी के निधन पर फारूक अब्दुल्ला बोले- भारत अब ऐसे नेता से वंचित है जो खुलकर बोलते थे

सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "वह बहुत प्यारे दोस्त थे और भारत अब ऐसे नेता से वंचित है जो खुलकर बोलते थे। उनका विचार था कि यह देश हम सभी का है, चाहे आप किसी भी भाषा के हों और इसे ऐसे ही छोड़ देना चाहिए...हर किसी को यह देश और यह दुनिया छोड़ कर जाना है...आप वहां से आए हैं और आपको वहीं वापस जाना है। उन्होंने (सीताराम येचुरी) हमारे लिए क्या-क्या लड़ाई नहीं लड़ी...आज मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं...


12 Sep 2024, 5:55 PM

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सीताराम येचुरी के निधन पर जताया दुख

सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी के निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मैंने मीडिया के माध्यम से देखा था कि वह एम्स में भर्ती थे और छाती के संक्रमण के लिए उनका कुछ इलाज चल रहा था, लेकिन यह वास्तव में दुखद खबर है कि उनका निधन हो गया है। जहां तक ​​मुझे याद है, वह जेएनयू में मेरे सीनियर थे। 2014 में जब मैं पहली बार राज्यसभा में गई थी, तब भी वह राज्यसभा के सदस्य थे। यह कम्युनिस्ट पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।"

12 Sep 2024, 5:53 PM

डी राजा ने सीताराम येचुरी के निधन को देश में संपूर्ण वामपंथी आंदोलन के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया

सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर सीपीआई नेता डी राजा ने कहा, "यह देश में संपूर्ण कम्युनिस्ट वामपंथी आंदोलन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। हमारा दशकों तक एक बहुत पुराना संबंध था। हमने विभिन्न मुद्दों पर एक साथ काम किया...बाद में वे सीपीआई (एम) के महासचिव बने और मैं सीपीआई का महासचिव बना। हमने वामपंथी एकता को मजबूत करने के लिए एक साथ काम किया...।"


12 Sep 2024, 5:50 PM

अपनी विचारधारा के प्रति बेहद निष्ठावान थे येचुरी: अशोक गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए गुरुवार को कहा कि वे अपनी विचारधारा के प्रति बेहद निष्ठावान थे। गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘माकपा के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी के निधन का समाचार बेहद दुखद है। सीताराम येचुरी अपनी विचारधारा के प्रति बेहद कर्मठ एवं निष्ठावान थे। येचुरी को देश-विदेश के राजनीतिक मुद्दों की गहरी समझ थी। उनका जाना भारतीय राजनीति के लिए एक बड़ा नुकसान है।’’

येचुरी का गुरुवार को नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य नेताओं ने भी येचुरी के निधन पर शोक जताया

12 Sep 2024, 5:05 PM

RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की मुंबई के अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की यहां एक अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई। सूत्रों ने बताया कि यादव को 10 सितंबर को यहां एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था और बुधवार को उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।

सूत्रों ने बताया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री यादव (76) को एक या दो दिन में अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव की वर्ष 2014 में एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में ‘ऐआर्टिक वाल्व’ बदलने की सर्जरी की गई थी। उक्त सर्जरी छह घंटे में हुई थी। यादव उस समय 66 वर्ष के थे। वह 2018 और 2023 में स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल आये थे।

सूत्रों ने बताया, ‘‘यादव को 10 सितंबर, 2024 को डॉ. (संतोष) डोरा और डॉ. तिलक (सुवर्ण) द्वारा एंजियोप्लास्टी के लिए एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में फिर से भर्ती किया गया था।’’ एंजियोप्लास्टी एक प्रक्रिया है जिससे हृदय की नसों में रुकावट को दूर किया जाता है।


12 Sep 2024, 5:02 PM

येचुरी राजनीति में तर्क, अच्छाई लेकर आए और उन्होंने जीवन भर लोगों और संविधान के लिए लड़ाई लड़ीः सुप्रिया श्रीनेत

सीपीआई(एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "मैं उनके परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। जहां तक ​​भारतीय राजनीति, इंडिया गठबंधन और सार्वजनिक जीवन में लोगों का सवाल है, यह बहुत बड़ी क्षति है। सीताराम येचुरी राजनीति में तर्क, अच्छाई लेकर आए और उन्होंने जीवन भर लोगों और संविधान के लिए लड़ाई लड़ी।"

12 Sep 2024, 4:55 PM

CPM महासचिव सीताराम येचुरी के निधन के बाद पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा आधा झुकाया गया

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन के बाद दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया।


12 Sep 2024, 4:54 PM

येचुरी के परिवार ने उनके पार्थिव शरीर को शिक्षण और शोध के उद्देश्य से एम्स को दान किया

एम्स ने एक बयान में कहा कि सीपीआई(एम) महासचिव सीताराम येचुरी का आज दोपहर 3:05 बजे निधन हो गया। परिवार ने उनके पार्थिव शरीर को शिक्षण और शोध के उद्देश्य से एम्स, नई दिल्ली को दान कर दिया है।

12 Sep 2024, 4:49 PM

नहीं रहे सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, राहुल गांधी बोले- आइडिया ऑफ इंडिया’ के संरक्षक थे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि येचुरी देश के बारे में गहरी समझ रखने वाले और भारत की अवधारणा (आइडिया ऑफ इंडिया) के संरक्षक थे। येचुरी का बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सीताराम येचुरी जी मित्र थे। हमारे देश की गहरी समझ रखने वाले और भारत की अवधारणा के संरक्षक थे। मुझे हमारे बीच होने वाली लंबी चर्चाओं की कमी खलेगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ‘‘सीताराम येचुरी एक बहुत अच्छे इंसान, बहुभाषी, व्यावहारिक प्रवृत्ति वाले धुर मार्क्सवादी, माकपा के एक स्तंभ और विलक्षण बौद्धिक क्षमता व हास्यबोध वाले एक शानदार सांसद थे। वह अब नहीं रहे।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारा तीन दशकों का साथ रहा। हमने विभिन्न अवसरों पर निकटता से एक-दूसरे का सहयोग किया। हर राजनीतिक दल में उनके मित्र थे और दृढ़ विश्वास तथा आकर्षक व्यक्तित्व के लिए उनकी प्रशंसा की जाती थी।’’ रमेश ने कहा, ‘‘सलाम तोवरिश (कॉमरेड)। आपने हमें बहुत पहले ही छोड़ दिया, लेकिन आपने सार्वजनिक जीवन को बहुत समृद्ध किया और इसे कभी भुलाया नहीं जाएगा।’’


12 Sep 2024, 4:48 PM

सीताराम येचुरी के निधन पर हन्नान मोल्ला बोले- वामपंथी आंदोलन और देश के लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए बहुत दुखद घटना

सीपीआई(एम) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर सीपीआई(एम) नेता हन्नान मोल्लाह ने कहा, "यह सीपीआई(एम), भारत के वामपंथी आंदोलन और देश के लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए बहुत दुखद घटना है। वे इस देश के लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, एकता और एकजुट प्रगति के पक्ष में सबसे मजबूत आवाज थे। उन्हें सीने में गंभीर संक्रमण, निमोनिया था और 10-11 दिनों के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। आज, कुछ मिनट पहले, उनका निधन हो गया। उन्होंने बहुत संघर्ष किया लेकिन अंततः उनकी जान नहीं बचाई जा सकी..."

12 Sep 2024, 4:05 PM

नहीं रहे सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, दिल्ली एम्स में ली आखिरी सांस

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी का निधन हो गया है। सीपीएम नेता ने 72 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। वो कुछ दिनों से एम्स में भर्ती थे। बताया जाता है कि येचुरी को फेफेड़े में संक्रमण (लंग इन्फेक्शन) था।


12 Sep 2024, 4:02 PM

कोलकाता रेप-मर्डर: पश्चिम बंगाल सरकार ने जूनियर डॉक्टरों को एक पत्र जारी कर उनसे आज शाम 5 बजे नबान्न आने का अनुरोध किया

12 Sep 2024, 3:54 PM

कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में प्रदर्शनस्थल पर लावारिस बैग में नहीं मिला बम

कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में प्रदर्शनस्थल पर लावारिस बैग मिलने के बाद जांच की गई। बैग में बम मिलने की अफवाह थी। इसके बाद बम स्क्वॉड को बुलाया गया। टीम ने बैग की तलाशी ली तो इसमें बम नहीं मिला, बल्कि इसमें कुछ खाने पीने का सामान मिला।

यह बैग आरजी कर हॉस्पिटल में विरोध के लिए बनाए गए मंच के पास मिला। आरजी कर हॉस्पिटल में जूनियर डॉक्टर से रेप के बाद लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।


12 Sep 2024, 3:47 PM

मौजूदा कुशासन से इस देश का हर नागरिक दुखी है, परेशान है- INLD प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला

हरियाणा विधानसभा चुनाव पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और INLD प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने कहा, "मौजूदा कुशासन से इस देश का हर नागरिक दुखी है, परेशान है। अतीत में हमारी सरकार के समय में जो सुविधाएं लोगों को मिली थी आज लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि वही सरकार आएगी और उन्हें वही सुविधाएं मिलेंगी।"

12 Sep 2024, 2:59 PM

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरालिंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पैरा-एथलीटों से मुलाकात की और बातचीत की


12 Sep 2024, 2:23 PM

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पास संदिग्ध बैग मिला, स्क्वायड-बम निरोधक दस्ता मौके पर

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पास एक संदिग्ध बैग मिला। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गए हैं।

12 Sep 2024, 2:02 PM

उत्तर प्रदेश: बहराइच में भेड़िये ने बुजुर्ग महिला पर किया हमला

उत्तर प्रदेश के बहराइच में भेड़ियों का आंतक जारी है। अब तक पांच आदमखोर भेड़ियों को पकड़ा जा चुका है। छठवें की तलाश जारी है। इस बीच बुधवार रात भेड़िये ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। महिला इस हमले में घायल हो गई। बाद में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।


12 Sep 2024, 1:40 PM

राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान और बीजेपी की आलोचना पर JKNCके उपाध्यक्ष और उमर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान और बीजेपी की आलोचना पर JKNCके उपाध्यक्ष और उमर अब्दुल्ला ने कहा, "उन्होंने भारत के खिलाफ क्या कहा? मैंने उन्हें ऐसी कोई बात कहते नहीं सुना। उन्होंने जो कुछ कहा वह सब देशहित में था। मैंने उन्हें राष्ट्र के विरोध में कुछ भी कहते नहीं सुना है।"

12 Sep 2024, 1:18 PM

उत्तर प्रदेश: SSP विपिन टाडा का कथित हेलीकॉप्टर चोरी मामले पर बयान

SSP विपिन टाडा ने कथित हेलीकॉप्टर चोरी मामले को लेकर कहा, "कल थाने आकर एक व्यक्ति ने तीन महीने पहले की घटना बताकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उनके साथ मारपीट हुई और अपशब्द कहे गए हैं। हेलीकॉप्टर के लूट जैसी कोई बात नहीं कही गई है। प्राथमिक रुप से मामला एविएशन कंपनी के दो लोगों के बीच में विवाद को लेकर लग रहा है। जांच की जा रही है।"


12 Sep 2024, 11:47 AM

AAP ने आगामी हरियाणा चुनावों के लिए अपनी 7वीं सूची जारी की, जिसमें 3 उम्मीदवार शामिल हैं   

12 Sep 2024, 11:47 AM

तमिलनाडु के मदुरै में गर्ल्स हॉस्टल में लगी, दो की मौत, दो घायल

तमिलनाडु के मदुरै के पेरियार बस स्टैंड के पास कट्टारापलायम में एक वूमेन हॉस्टल में आग लग गई। दो लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य झुलसल गए हैं। जिस समय आग लगी उस समय हॉस्टल में 40 से अधिक छात्राएं मौजूद थीं।

मदुरै की जिला कलेक्टर एमएस संगीता ने कहा, "दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रावास मालिक से पूछताछ की जा रही है और इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।"


12 Sep 2024, 11:28 AM

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा की

12 Sep 2024, 11:22 AM

उत्तर प्रदेश: अलीगढ़ शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई


12 Sep 2024, 10:35 AM

जम्मू-कश्मीर: बारामुला लोकसभा सांसद शेख राशिद उर्फ ​​इंजीनियर राशिद श्रीनगर हवाई अड्डे पर पहुंचे 

जम्मू-कश्मीर के बारामुला लोकसभा सांसद शेख राशिद उर्फ ​​इंजीनियर राशिद श्रीनगर हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। उन्हें आतंकी फंडिंग मामले में दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत द्वारा अंतरिम जमानत दिए जाने के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा किया गया।

राशिद इंजीनियर ने कहा, "मैं कश्मीर और कश्मीरी को संदेश देना चाहता हूं कि हम बिल्कुल कमजोर नहीं है कश्मीर के लोगों की जीत होगी। पीएम मोदी ने 5 अगस्त 2019 को जो फैसले लिए थे वो हमें बिल्कुल मंजूर नहीं है। मुझे चाहे तिहाड़ भेजो और चाहे जहां भी भेजो लेकिन जीत हमारी ही होगी।"

12 Sep 2024, 9:35 AM

इंडियन नेशनल लोकदल ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की


12 Sep 2024, 9:18 AM

चंडीगढ़: सेक्टर 10 के मकान नंबर 575 से सुबह का दृश्य, जहां चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक कल धमाके जैसी आवाज सुनी गई

12 Sep 2024, 8:40 AM

पश्चिम बंगाल: ED की एक टीम कोलकाता के चिनार पार्क स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के आवास पर पहुंची


12 Sep 2024, 8:26 AM

उत्तर प्रदेश के मथुरा में भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव, लोग परेशान

उत्तर प्रदेश के मथुरा में भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ। मौसम विभाग ने यूपी के 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिजनौर, बरेली और रामपुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। आगरा, अलीगढ़ और औरैया समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने 12 से 14 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia