ग्रेटर नोएडा : पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया, मौके से अवैध असलहा बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से अवैध असलहा बरामद किया है। गांव में लग रहे खड़ंजे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने वांछित चार बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रबूपुरा थाना क्षेत्र में सात जुलाई को ग्राम भोयरा में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गौरव, सौरभ, विकेश और गोविंदा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से अवैध असलहा बरामद किया है। गांव में लग रहे खड़ंजे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसके बाद मारपीट और फायरिंग हुई थी। इस घटना में यह आरोपी वांछित चल रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। इसके बाद रबूपुरा पुलिस ने कार सवार आरोपियों को ट्रेस कर सेक्टर-20 गौर यमुना सिटी में रोकने का प्रयास किया। इस बीच तेज रफ्तार कार असंतुलित होकर साइड में टकरा गई। कार से उतरे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गौरव और सौरभ पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि पुलिस ने अन्य दो आरोपी विकेश और गोविंदा को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। गौरव, सौरभ और विकेश के पास से तीन अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि सात जुलाई को थाना रबूपुरा क्षेत्र के अंतर्गत भीष्म पाल प्रथम पक्ष और द्वितीय पक्ष सुनील के बीच खड़ंजे के विवाद को लेकर फायरिंग व मारपीट की गई थी। इसमें 14 साल का एक लड़का जो खड़ा था, पत्थर लगने से घायल हो गया। जबिक राम सिंह (70) को भी चोटें आईं थी। उस समय पुलिस ने करवाई करते हुए तीन आरपी भीष्मपाल, राजपाल और रिंकू को गिरफ्तार किया था। बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए थे जिनकी तलाश पुलिस कर रही थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia