चक्रवात बिपरजॉय का दिखने लगा असर, मुंबई के समुद्री तट पर उठ रही ऊंची लहरें, गुजरात-महाराष्ट्र को लेकर अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय की मुंबई में तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। खराब मौसम की वजह से उड़ानों पर असर पड़ा है। एअर इंडिया की कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रनवे को बंद कर दिया गया है।

चक्रवात बिपरजॉय का दिखने लगा असर, फोटो: सोशल मीडिया
चक्रवात बिपरजॉय का दिखने लगा असर, फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिपरजॉय अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके 15 जून तक गुजरात के कच्छ जिले और पाकिस्तान के कराची के बीच टकराने की आशंका है। इसका असर महाराष्ट्र और गुजरात में देखने को मिल सकता है। मुंबई में तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। मुंबई में बारिश भी हो रही है। रत्नागिरी, रायगढ़, ठाणे, पालघर और जिलों के अलग-अलग स्थानों पर भी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों से बाहर निकलने को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है।

मुंबई में चक्रवात का दिखने लगा असर

मुंबई में खराब मौसम की वजह से उड़ानों पर असर पड़ा है। एयर इंडिया की कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रनवे को बंद कर दिया गया है। एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि खराब मौसम की स्थिति और मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे 09/27 के अस्थायी रूप से बंद होने की वजह से एअर इंडिया की कुछ फ्लाइटों को रद्द किया गया है।


मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास मरीन ड्राइव पर हाई टाइड आया। इस दौरान वहां काफी लोग मौजूद थे। 

गुजरात को लेकर अलर्ट जारी

इसके गंभीर रूप को देखते हुए मौसम विभाग ने गुजरात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी सहित गुजरात के कई जिलों में इसे लेकर चेतावनी जारी की गई है और यहां असर भी दिखना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 15 जून तक सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय क्षेत्रों में मछली पकड़ने संबंधी गतिविधियों को पूरी तरह से रोकने की सलाह दी है और मछुआरों को 12 से 15 जून के बीच मध्य अरब सागर और उत्तरी अरब सागर तथा सौराष्ट्र-कच्छ तटों के पास नहीं जाने का निर्देश दिया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia