पहलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस नेता शर्मिला बोलीं- ये लापरवाही और सुरक्षा संबंधी विफलता का परिणाम
आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने कहा कि यह किसी एक धर्म पर नहीं बल्कि भारत पर हमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘यह विमर्श गढ़ रही है कि यह हमला किसी एक धर्म के खिलाफ है।’’ उन्होंने इसे दुखद बताया।

आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने कहा है कि पहलगाम आतंकवादी हमला ‘‘लापरवाही और सुरक्षा संबंधी विफलता’’ का परिणाम है और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इस बात से लोगों का ध्यान ‘‘भटका रही है।’’
शर्मिला ने आतंकवादियों द्वारा मारे गए 26 लोगों के परिवारों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मोमबत्ती जलाकर रैली निकाली। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर यह धारणा बनाने का आरोप लगाया कि एक धर्म पर हमला किया जा रहा है।
शर्मिला ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘यह हमारे देश पर हमला है...और इसके पीछे लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता है। बीजेपी इस बात से ध्यान भटकाना चाहती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों में मुसलमान भी शामिल थे।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह किसी एक धर्म पर नहीं बल्कि भारत पर हमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘यह विमर्श गढ़ रही है कि यह हमला किसी एक धर्म के खिलाफ है।’’ उन्होंने इसे दुखद बताया।
आतंकवादियों ने मंगलवार को कश्मीर में पहलगाम शहर के पास एक पर्यटक स्थल पर हमला किया जिसमें 26 लोग मारे गए। इनमें से अधिकतर पर्यटक थे।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक की थी। बैठक में सरकार ने माना था कि सुरक्षा चूक की वजह से आतंकी हमला हुआ।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia