हिमाचल में 3-5 जगहों पर बादल फटने से भीषण तबाही! 50 लोग लापता, 2 शव बरामद, कई मकान और सड़कें तबाह

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि एक ही रेंज में 3-5 जगहों पर बादल फटे हैं। करीब 50 लोग लापता हैं, 2 शव बरामद हुए हैं। अगले 36 घंटों में भारी बारिश की संभावना है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। भारी बारिश के बीच राज्य में तीन जगहों पर बादल फटने से भीषण तबाही मची है। कुल्लू के निरमंड ब्लॉक, मलाणा और मंडी जिले में बादल फटे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "अभी हमारी बैठक हुई है, सुबह करीब 4:40 बजे एक ही रेंज में 3-5 जगहों पर बादल फटे हैं। लगभग 50 लोग लापता हैं, 2 शव बरामद हुए हैं। अगले 36 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। सभी डिप्टी कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं, डिप्टी कमिश्नर, SDRF, NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।"

मंडी के थलटूखोड़ में आधी रात को बादल फटा। बादल फटने की वजह से कई मकान तबाह हो गए। सड़क कनेक्टिविटी भी ठप हो गई है। थलटूखोड़ पंचायत प्रधान कली राम के मुताबिक, तेरंग और राजबन गांव में बादल फटा है। कई लोग लापता हैं। तीन घर बहने की भी खबर मिली है। कई मकान, स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बादल फटने की घटना के बाद मंडी के पधर के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आज बंद कर दिए गए हैं।

वहीं, पधर उपमंडल के थलटूखोड़ में बादल फटने के बाद 9 लोग लापता हैं। एक शव बरामद किया गया है। 35 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। मंडी जिला प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए एयरफोर्स को अलर्ट किया है। बादल फटने के बाद से मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। सड़कें और रास्ते टूटने की वजह से घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। 

शिमला-कुल्लू सीमा पर भी बादल फटा है, जिससे भारी तबाही मची है। कई मकान, स्कूल और अस्पताल ध्वस्त हो गए हैं। यहां बी कई लोगों के लापता होने की खबर है। इलाके में राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। कुल्लू के निरमंड इलाके में बादल फटने के बाद 19 लोग लापता हो गए हैं।


निरमंड ब्लॉक के झाकड़ी में समेज खड्ड में हाइड्रो प्रोजेक्ट के पास बादल फटने की खबर मिली है। यहां गुरुवार सुबह तड़के बादल फटा। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एनडीएसआरएफ की टीम, पुलिस, रेस्क्यू दल घटना स्थल के लिए रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि बादल फटने से प्रभावित क्षेत्र से 19 लोगों के लापता होने की जानकारी मिली है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप के मुताबिक, आईटीबीपी, स्पेशल होम गार्ड की टुकड़ी को भी रेस्क्यू दल में शामिल किया गया है। राहत-बचाव कार्यों में सारी टीमें एक जुट होकर कार्य कर रही हैं।

बादल फटने के बाद कुल्लू जिले के निरमंड इलाके के बागीपुल में 8-10 मकान बह गए हैं। इसमें पटवार खाना, होटल, दुकानें भी शामिल हैं। बागीपुल में 7 से 10 लोगों के लापता होने की खबर है। इसमें एक ही परिवार के 7 लोग लापता बताए जा रहे हैं। तहसीलदार मौके पर हैं। कोयल खड्ड तक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। निरमंड में कई पुल बह गए हैं। ज्यादातर सड़कें बंद हैं। बागीपुल में बस स्टैंड का नामोनिशान मिट गया है। यहां पर 15 गाड़ियां पानी में बह गई हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 01 Aug 2024, 10:01 AM