देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से कोहराम! 24 घंटे में 33 लोगों की गई जान, मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने का अनुमान

पुलिस के मुताबिक, मरने वाले लोगों में फुटपाथ और रैन बसेरों में रहने वाले लोग शामिल हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने इन मौतों के पीछे भीषण गर्मी बताया है।

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच 24 घंटे में 33 लोगों की मौत।
दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच 24 घंटे में 33 लोगों की मौत।
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई हिस्सों में प्रचंड गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से लोगों की जान जाने लगी है। देश की राजधानी दिल्ली में बुरा हाल है। भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में 24 घंटे में 33 लोगों की जान चली गई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। पुलिस के पास फिलहाल 5 जिलों के आंकड़े नहीं हैं।

पुलिस के मुताबिक, मरने वाले लोगों में फुटपाथ और रैन बसेरों में रहने वाले लोग शामिल हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने इन मौतों के पीछे भीषण गर्मी बताया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और साफ हो पाएगी। राजधानी में गर्मी का आलम यह है कि यहां के 38 अस्पतालों में हर दिन बेहोशी, उल्टी और चक्कर आने के 100 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, लाजपत नगर थाना इलाके में 24 घंटे में 8 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, दो लोगों के शव नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे से मिले हैं। एक व्यक्ति का शव मूलचंद अस्पताल के सामने फुटपाथ पर मिला है। इसके अलावा एक व्यक्ति का शव मूलचंद मेट्रो स्टेशन के पास मिला है। सबसे ज्यादा शव उत्तरी जिले और उत्तर-पश्चिमी जिले में मिले हैं। उत्तरी जिले में 8 लावारिस लोगों के पाए गए हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिमी जिले में 7 शव मिले हैं।

उत्तर-पश्चिमी जिले में सुभाष प्लेस में एक व्यक्ति का शव मिला है। सुभाष प्लेस शकूरपुर में 25 से 30 साल के युवक का शव मिला है। आजादपुर मंडी में 40 साल व्यक्ति का शव मिला है। मुखर्जी नगर के एक कुटीर और केशवपुरम में एक व्यक्ति का शव मिला है।


दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में शव पाए जा रहे हैं। नई दिल्ली जिले में मंगलवार को जनपथ लेन की फुटपाथ पर एक व्यक्ति का शव मिला। इसके अलावा गर्मी से मंदिर मार्ग के अस्पताल में एक व्यक्ति की जान चली गई। पिछले 24 घंटे में जो शव मिले हैं, वह सब लावारिस हैं। किसी की भी पहचान नहीं हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है।

भीषण गर्मी का असर जानवरों पर भी पड़ रहा है। उनकी भी मौत हो रही है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, भीषण गर्मी से मोर भी मर रहे हैं। हर रोज दो मोरों के मरने की खबर आ रही है। उन्होंने बताया कि यह कॉल्स पिछले 10 से 12 दिनों से आ रही हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia