क्या अब संसद में 'जय संविधान' नहीं बोला जा सकता? स्पीकर के विरोध करने पर प्रियंका गांधी ने उठाया सवाल

प्रियंका गांधी ने कहा कि संसद में सत्ता पक्ष के लोगों को असंसदीय और असंवैधानिक नारे लगाने से नहीं रोका गया, लेकिन विपक्षी सांसद के 'जय संविधान' बोलने पर आपत्ति जताई गई। चुनाव के दौरान सामने आया संविधान विरोध अब नये रूप में सामने आया है।

क्या अब संसद में 'जय संविधान' नहीं बोला जा सकता? स्पीकर के रुख पर प्रियंका गांधी ने उठाया सवाल
क्या अब संसद में 'जय संविधान' नहीं बोला जा सकता? स्पीकर के रुख पर प्रियंका गांधी ने उठाया सवाल
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा में आज सांसद पद की शपथ लेने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर के जय संविधान कहने पर स्पीकर ओम बिरला ने न सिर्फ आपत्ति जताई, बल्कि इसका विरोध करने पर दीपेन्द्र हुड्डा को एक तरह से डपट कर चुप करा दिया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने स्पीकर के इस रुख पर पूछा है कि क्या संसद में 'जय संविधान' नहीं बोला जा सकता?

संसद सत्र के चौथे दिन शशि थरूर ने लोकसभा सदस्यता की शपथ ली। शपथ के बाद उन्होंने 'जय संविधान' के नारे लगाए, जिसका विरोध करते हुए स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप संविधान की शपथ तो ले ही रहे हैं, तो इसे बोलने की क्या जरूरत है। इस पर कांग्रेस के कई नेता ओम बिरला के खिलाफ खड़े होकर विरोध जताने लगे। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने स्पीकर से कहा कि इस पर आपको आपत्ति नहीं होनी चाहिए। इसके बाद दीपेंद्र हुड्डा को जवाब देते हुए स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि किस पर आपत्ति हो, किस पर न हो, इसकी सलाह मत दिया करो, चलो बैठो।


इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी सवाल उठाया है। प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "क्या भारत की संसद में 'जय संविधान' नहीं बोला जा सकता? संसद में सत्ता पक्ष के लोगों को असंसदीय और असंवैधानिक नारे लगाने से नहीं रोका गया, लेकिन विपक्षी सांसद के 'जय संविधान' बोलने पर आपत्ति जताई गई। चुनाव के दौरान सामने आया संविधान विरोध अब नये रूप में सामने आया है जो हमारे संविधान को कमजोर करना चाहता है।"

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि "जिस संविधान से संसद चलती है, जिस संविधान की हर सदस्य शपथ लेता है, जिस संविधान से हर नागरिक को जान और जीवन की सुरक्षा मिलती है, क्या अब विपक्ष की आवाज दबाने के लिए उसी संविधान का विरोध किया जाएगा?"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia