रूस दौरे से पहले पीएम मोदी से कांग्रेस ने दागे कई सवाल, 'दोनों देशों के संबंध उतने गर्मजोशी से भरे नहीं हैं?'

जयराम रमेश ने कहा कि तुलनात्मक रूप से देखें तो, 10 वर्षों के कार्यकाल के बाद राष्ट्रपति पुतिन के साथ नरेंद्र मोदी की यह केवल 11वीं मुलाक़ात है। क्या उनके कार्यकाल में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को रुकवाने जैसे बड़े-बड़े दावों के बीच दोनों देशों के संबंध उतने गर्मजोशी से भरे नहीं हैं?

फोटो: Getty Images
फोटो: Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

रूस और ऑस्ट्रिया के दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी रवाना होने वाले हैं। इससे पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कई सवाल दागे हैं। उन्होंने कहा कि रूस जा रहे हैं एक तिहाई प्रधानमंत्री से हमारे तीन सवाल -

1. दशकों से कांग्रेस सरकारों की समझदारी से भरे कूटनीति और रणनीतिक पहल के कारण भारत के रूस के साथ अच्छे संबंध विरासत में मिले हैं। प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने दस वर्षों में (भारत या रूस में) व्लादिमीर पुतिन और दिमित्री मेदवेदेव (रूस के दो राष्ट्रपति जो उनके कार्यकाल के दौरान थे) से 16 बार मुलाक़ात की थी। तुलनात्मक रूप से देखें तो, 10 वर्षों के कार्यकाल के बाद राष्ट्रपति पुतिन के साथ नरेंद्र मोदी की यह केवल 11वीं मुलाक़ात है। क्या उनके कार्यकाल में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को रुकवाने जैसे बड़े-बड़े दावों के बीच दोनों देशों के संबंध उतने गर्मजोशी से भरे नहीं हैं?

2. वित्त वर्ष 2014 और वित्त वर्ष 23 के बीच, रूस को भारत का निर्यात स्थिर सा हो गया है - $3.17 बिलियन से गिरकर $3.14 बिलियन। इस बीच, आयात बिल तेज़ी से बढ़ा है और 6.34 अरब डॉलर से बढ़कर 46.21 अरब डॉलर हो गया है। इस तरह का असंतुलित व्यापार संबंध लंबी अवधि में टिकाऊ नहीं है। हमारे घरेलू उद्योग के लिए इसके हानिकारक परिणाम होंगे। क्या राष्ट्रपति पुतिन के साथ नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री की बातचीत के एजेंडे में इस व्यापार असंतुलन का सुधार है? दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन को ठीक करने के लिए उनके पास क्या विज़न है?

3. मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक़, कम से कम 50 भारतीय नागरिक रूसी सेना में शामिल हुए हैं। युद्ध में कम से कम दो व्यक्तियों के मारे जाने की पुष्टि पहले ही की जा चुकी है। कई अन्य युवा भी युद्ध के दलदल में फंस गए हैं। नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री द्वारा घरेलू स्तर पर उत्पन्न ग़रीबी और बेरोज़गारी संकट से बचने के अलावा युवाओं के उस दलदल में जाने की कोई और वजह नहीं है। क्या नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री इन युवाओं का मुद्दा उठाएंगे? क्या वह जल्द से जल्द उनकी सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करेंगे?

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia