महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर अभियान शुरू किया, दिल्ली में जुटीं देश भर की नेता

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि यह तब तक जारी रहेगा, जब तक देश की ‘आधी आबादी’ की मांगें पूरी नहीं हो जातीं और उन्हें उनके अधिकार और सुरक्षा नहीं मिल जाती।

कांग्रेस की महिला इकाई ने महिला आरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर अभियान शुरू किया
कांग्रेस की महिला इकाई ने महिला आरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर अभियान शुरू किया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस की महिला इकाई ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को देशव्यापी अभियान शुरू किया।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने एक बयान में कहा कि जंतर मंतर से शुरू किया गया अभियान हर राज्य, जिले, शहर और गांव तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह तब तक जारी रहेगा, जब तक देश की ‘आधी आबादी’ की मांगें पूरी नहीं हो जातीं और उन्हें उनके अधिकार और सुरक्षा नहीं मिल जाती।

लांबा ने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण कानून पारित कर दिया था लेकिन इसके कार्यान्वयन को लंबित रखा है।

उन्होंने कहा कि आरक्षण कानून तुरंत लागू किया जाना चाहिए ताकि हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र की महिलाएं इस कानून से लाभान्वित हो सकें।

महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। जम्मू-कश्मीर में भी इसी साल चुनाव संभावित है।


लांबा ने कहा, ‘‘हमारी मांग 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने की है। हम सरकार से मांग करते हैं कि इसे आज करें, अभी करें और महिलाओं को उनके अधिकार सुनिश्चित करें।’’

कांग्रेस की महिला इकाई की प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारी दूसरी मांग आर्थिक न्याय की है। आज महिलाएं बढ़ती महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी से परेशान हैं। इसके कारण कई महिलाएं घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं। ऐसे में, महिलाओं को आर्थिक न्याय मिलना चाहिए।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia