सिनेजीवन: 'स्त्री 2' आज तोड़ेगी एक और बड़ा रिकॉर्ड और IFFM 2024 के समापन पर दिखाई जाएगी फिल्म 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स'

अभी तक 2024 की सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म प्रभास की 'कल्कि 2898 AD' है, जिसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन 293 करोड़ था। बुधवार की कमाई से ही 290 करोड़ तक पहुंच चुकी 'स्त्री 2 आज ये रिकॉर्ड तोड़ देगी औऱ आईएफएफएम 2024 के समापन पर दिखाई जाएगी अली फजल-ऋचा चड्ढा की 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स'।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अब 'स्त्री 2' तोड़ेगी 'कल्कि 2898 AD' का रिकॉर्ड, आज बनेगी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म

दिनेश विजन के हॉरर यूनिवर्स की लेटेस्ट फिल्म 'स्त्री 2' का भौकाल थिएटर्स में लगातार बरकरार है। फिल्म की कमाई लगातार धुआंधार रफ्तार से हो रही है। अब आंकड़े बताते हैं कि 7 दिन में 'स्त्री 2' की कमाई दो नए लैंडमार्क पार करने के करीब पहुंच गई है। मंगलवार को 26.80 करोड़ रुपये के साथ 'स्त्री 2' का कलेक्शन 269 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया था।अब ट्रेड रिपोर्ट्स बताती हैं कि बुधवार को भी फिल्म का भौकाल बना रहा और इसने 7वें दिन लगभग 20 करोड़ रुपये कमाए हैं।

यानी कलेक्शन के फाइनल आंकड़े सामने आने के बाद 'स्त्री 2' का नेट इंडिया कलेक्शन 290 करोड़ रुपये के करीब पहुंचा मिलेगा। अभी तक 2024 की सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म प्रभास की 'कल्कि 2898 AD' है, जिसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन 293 करोड़ था। बुधवार की कमाई से ही 290 करोड़ तक पहुंच चुकी 'स्त्री 2', गुरुवार को इस साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन जाएगी। इसके साथ ही 'स्त्री 2' का इंडिया कलेक्शन 300 का आंकड़ा भी पार कर जाएगा।

आईएफएफएम 2024 के समापन पर दिखाई जाएगी अली फजल-ऋचा चड्ढा की 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स'

अली फजल और ऋचा चड्ढा की “गर्ल्स विल बी गर्ल्स” 25 अगस्त को 15वें वार्षिक भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) 2024 के समापन पर दिखाई जाएगी। अली ने कहा, "हम बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' को इस तरह के प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल के समापन के लिए चुना गया है।" उन्होंने कहा कि इस फिल्म का सफर उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने बताया, ''हम इसे ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के साथ शेयर करने के लिए बेहद रोमांचित हैं। हमें यकीन है कि इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक मिले प्यार की तरह ही बेहद सम्मान मिलेगा।

अभिनेत्री प्रीति पाणिग्रही समापन समारोह में शामिल होंगी। आईएफएफएम 15 अगस्त को शुरू हुआ था। अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने कहा कि वह बेहद रोमांचक है कि "गर्ल्स विल बी गर्ल्स" मेलबर्न 2024 के भारतीय फिल्म महोत्सव का समापन करेगी। उन्होंने कहा, "यह फिल्म दुनिया भर के दर्शकों को पसंद आई है, यह देखना अविश्वसनीय रूप से सुखद है।'' अपार समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि हम आईएफएफएम के आभारी हैं कि उन्होंने अपने 15वें संस्करण के समापन के लिए हमारी फिल्म को चुना है। आईएफएफएम की महोत्सव निदेशक मीतू भौमिक लांगे ने कहा, "हमारे फेस्टिवल में 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' को शामिल करना क्लोजिंग नाइट फिल्म के रूप में हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। यह सेक्शन खास तौर पर बनाया गया है।यह फिल्म सही मायने में मौजूदा समय की बात करती है।" "फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अविश्वसनीय यात्रा की है और हमें ऑस्ट्रेलिया में आईएफएफएम में इसके आधिकारिक ऑस्ट्रेलियन प्रीमियर के साथ फिल्म को प्रस्तुत करने पर गर्व है।"

इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर सनडांस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था, जहां इसे दो शीर्ष सम्मान मिले थे। यह फिल्म कान और सनडांस लंदन में प्रदर्शित की जा चुकी है और यहां तक ​​कि रोमानिया में ट्रांसिल्वेनिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, फ्रांस में बियारिट्ज फिल्म फेस्टिवल और लॉस एंजिल्स में आईएफएफएलए में ग्रैंड जूरी पुरस्कार भी जीत चुकी है। 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' का निर्माण पुशिंग बटन स्टूडियोज, क्रॉलिंग एंजेल फिल्म्स, डोल्से वीटा फिल्म्स, ब्लिंक डिजिटल और सिनेमा इनुटिल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है।


परिवार संग लंदन पहुंचे एक्टर संजय कपूर, रिचमंड हिल की साझा की तस्वीर

बॉलीवुड अभिनेता संजय कपूर इन दिनों अपने परिवार के साथ यूरोप में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने लंदन के रिचमंड हिल की सड़कों पर टहलते हुए कुछ तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया है। संजय कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह रिचमंड हिल को निहार रहे हैं। इस वीडियो में रिचमंड हिल का खूबसूरत नजारा, घर, पुरानी कुर्सियां ​​और शहर की हरियाली दिखाई दे रही है।

58 वर्षीय अभिनेता संजय कपूर ने दो दिन पहले ही एक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने फोटो शेयर कर लिखा था- रिचमंड हिल। इस फोटो में वह ब्राउन और ब्लैक कलर की चेकर्ड शर्ट और ब्लैक पैंट पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, संजय कपूर, फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर के बेटे हैं। वो तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनकी रीना मारवाह नाम की बहन भी है। बोनी कपूर फिल्म निर्माता हैं, जबकि अनिल कपूर बॉलीवुड के मशहूर एक्टर हैं। संजय कपूर के परिवार में कई लोग फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं। इनमें सोनम कपूर, अर्जुन कपूर, जान्हवी कपूर और हर्षवर्धन कपूर शामिल हैं। उन्होंने महीप संधू से शादी की है और उनके दो बच्चे शनाया और जहान हैं।

ज्ञात हो कि संजय कपूर ने साल 1995 में आई फिल्म 'प्रेम' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके साथ तब्बू नजर आई थीं। इसके अलावा संजय कपूर ने 'राजा', 'कर्तव्य', 'मोहब्बत', 'जमीर: द अवेकनिंग ऑफ ए सोल', 'छुपा रुस्तम: ए म्यूजिकल थ्रिलर', 'सिर्फ तुम', 'कोई मेरे दिल से पूछे', 'शक्ति: द पावर', 'कयामत: सिटी अंडर थ्रेट', 'एलओसी कारगिल', 'जूली' और 'लक बाय चांस' में काम किया है। संजय कपूर, 'मिशन मंगल', 'द जोया फैक्टर', 'ब्लडी डैडी' और 'मेरी क्रिसमस' में भी नजर आ चुके हैं। उन्हें आखिरी बार मिस्ट्री थ्रिलर 'मर्डर मुबारक' में देखा गया था। अभिनेता वेब शो 'मेड इन हेवन', 'द गॉन गेम', 'फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स', 'द लास्ट आवर' और 'द फेम गेम' का भी हिस्सा रहे हैं।

चिरंजीवी बर्थडे: साउथ इंडस्ट्री के मेगा स्टार, अमिताभ बच्चन को भी पछाड़ा, एक साल में दी 14 हिट

एक्शन, ड्रामा और रोमांस, ये शब्द सुनते ही सबसे पहला ख्याल फिल्मों का आता है। अगर एक ही फिल्म में इन तीनों का कॉम्बिनेशन डाल दें तो बनती है एक मसाला फिल्म, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए काफी है। आज हम एक ऐसे शख्स की बात कर रहे हैं, जिसने न सिर्फ फिल्मी पर्दे पर सफलता के झंडे गाड़े बल्कि राजनीति की पिच पर भी धुआंधार पारी खेली। साउथ फिल्म इंडिस्ट्री के मेगास्टार चिरंजीवी गुरुवार को अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं।

कोनिडेला चिरंजीवी ने लगभग 23 साल की उम्र में बतौर एक्टर शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म पुनाधिरल्लू (1978) थी। वह साउथ फिल्मों के पहले एक्टर थे, जिन्होंने 90 के दशक में एक फिल्म के लिए 1.25 करोड़ रुपये फीस चार्ज की। उन्होंने अमिताभ बच्चन को भी पीछे छोड़ दिया था।

'इंद्रा द टाइगर' हो या 'शंकर दादा' या फिर ‘आज का गुंडा राज’ इन फिल्मों को लिए चिरंजीवी को दर्शकों का काफी प्यार मिला। लेखक और पत्रकार यू विनायक राव की किताब “मेगास्टार: द लीजेंड” चिरंजीवी के शानदार फिल्मी सफर को बयां करती है। इसमें उनके संघर्ष से सफलता के जीवन को बयां किया गया है।

चिरंजीवी दक्षिण भारतीय फिल्मों के इकलौते स्टार हैं, जिन्हें 1987 में अकादमी पुरस्कार में इनवाइट किया गया था। यही नहीं, उनकी 'कोडमा सिमहम' पहली दक्षिण भारतीय फिल्म थी, जिसे अंग्रेजी में भी डब किया गया था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर के दौरान सिंगल, डबल और ट्रिपल कैरेक्टर भी किए।

उनकी फिल्मों का क्रेज ऐसा होता था कि दक्षिण भारत में सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की लाइन लग जाती थी। उनकी सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर 100 दिन से अधिक समय तक चलती थी और इसका बड़े लेवल पर जश्न भी मनाया जाता था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चिरंजीवी ने एक साल में 14 हिट फिल्में देकर इतिहास रच दिया था।

चिरंजीवी ने तेलुगू के अलावा तमिल, कन्नड़ और बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। चिरंजीवी को सात बार दक्षिण भारतीय फिल्मफेयर अवॉर्ड और चार बार नंदी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें 2006 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

बड़े पर्दे पर सफलता के झंडे गाड़ने के बाद उन्होंने राजनीति में भी एंट्री की। उन्होंने साल 2008 में 'प्रजा राज्यम पार्टी' बनाई। उनकी पार्टी ने 2009 में आंध्र प्रदेश में चुनाव भी लड़ा। उतने सफल नहीं रहे जितने फिल्मों में रहे। इनकी पार्टी ने 18 सीटें जीती। बाद में उनके दल का कांग्रेस में विलय हो गया। वह यूपीए-2 की सरकार में केंद्रीय पर्यटन मंत्री भी रहे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia