हैदराबाद के 8वें निजाम मुकर्रम जाह बहादुर का पार्थिव शरीर मंगलवार को तुर्की से हैदराबाद लाया गया और चौमहल्ला पैलेस ले जाया गया। जहां उनकी पूर्व पत्नी इसरा, तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव, गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली, शाही परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। मुकर्रम जाह बहादुर का 14 जनवरी को तुर्की में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार कल बुधवार को होगा।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को जेएनयू के छात्र शरजील इमाम की दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई 30 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी, जिसमें देशद्रोह के आरोपों से जुड़े 2020 दंगों के मामले में नियमित जमानत और अंतरिम जमानत की मांग की गई थी।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मंगलवार को बांग्लादेशी तस्करों ने एक बीएसएफ जवान पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद तस्कर जवान का हथियार छीनकर बांग्लादेश की ओर भाग निकले। जानकारी के मुताबिक, जवान को सिर और हाथ पर चोटें आई हैं और उसे गंभीर हालात में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
हरियाणा के रोहतक में आज ई टेंडरिंग को लेकर सरपंच और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई।असन गांव के सरपंच सत्येंद्र सिंह ने कहा कि हम ई टेंडरिंग का विरोध कर रहे हैं। पुलिस हम पर लाठियों से हमला कर रही है। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती हम अपना विरोध जारी रखेंगे।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बढ़ती हुई महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि पहले जब किसी चीज की कीमत पांच रुपए बढ़ती थी तो भाजपा के लोग सड़क पर उतर कर कहते थे कि महंगाई डायन हो गयी है, लेकिन अब महंगाई बढ़ रही है तो यह भाजपाइयों के लिए जैसे भौजाई हो गयी है। देश में रुपये की कीमत लगातार कम होती जा रही है। सड़क पर टोल टैक्स दना पड़ता है और इसकी वसूली के लिए मुस्तंडों को रखा जाता है। आजादी के बाद वर्तमान दौर में देश सबसे अराजक स्थिति से गुजर रहा है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
जोशीमठ में दरारें लगातार चौड़ी होती जा रही हैं। साथ ही नए घरों में भी दरार पड़ रही है। जिससे जोशीमठ पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। अभी तक 849 घरों में दरारें आ चुकी हैं। जबकि, जोशीमठ नगर के नौ वाडरें में से 4 वाडरें को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। जिसमें 164 घर पूरी तरह से असुरक्षित पाए गए हैं। हालांकि, अभी भी जोशीमठ में लगातार क्षतिग्रस्त भवनों का सर्वे जारी है। वहीं, 2 हेक्टेयर जमीन पर 125 परिवारों को बसाने के लिए कॉलोनी बनाने की कार्रवाई जारी है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
नरेंद्रनगर तहसील के आगराखाल दिउली मोटर मार्ग पर सलडोगी गांव के समीप एक कार खाई में गिर गई। कार के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीवान सिंह (52 वर्ष) पुत्र सुंदर सिंह निवासी ग्राम फकोट, सतीश सिंह (37 वर्ष) पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम कसमोली और कुंवर सिंह (57 वर्ष) पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम आगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल नरेंद्रनगर भेज दिया है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम पर चल रही बहस में उतरते हुए इस मामले में केंद्र सरकार के रुख को 'न्यायपालिका में हस्तक्षेप' करार दिया।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
जोशीमठ शहर भूधंसाव की जद में है। यहां घरों-सड़कों पर दरारें पड़ गई हैं, सैकड़ों लोग बेघर होकर पुनर्वास केंद्रों में रहने को मजबूर हैं। खतरा सिर्फ लोगों के आशियाने पर ही नहीं, बल्कि भगवान बदरीनाथ के करोड़ों के खजाने पर भी है। इस खजाने को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
तमिलनाडु में मंगलवार को दो अलग-अलग मंजूविरट्टू (बैलों को काबू में करना) प्रतियोगिताओं में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दर्शक गणेशन और बैल को काबू करने वाले भूमिनाथन के रूप में हुई है। मंजुविरट्टू, जल्लीकट्टू प्रतियोगिता के समान है, जिसमें बैलों को खुली जगह में दौड़ने की अनुमति दी जाती है और लोग इसे साइड से देखते हैं। कुछ मामलों में, करेंसी नोटों को बैलों के गले में बांध दिया जाता है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
असम पुलिस ने मंगलवार सुबह राज्य के करीमगंज जिले में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है, अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मिजोरम से आ रही एक गाड़ी से कुल 7.6 लाख याबा टैबलेट जब्त किए गए। पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
कंझावला मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या (302) के तहत केस दर्ज किया है। कानूनी सलाह लेने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा के तहत यह केस दर्ज किया गया है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
बेंगलुरु शहर के मगदी रोड पर मंगलवार को दोपहिया वाहन सवार ने 71 वर्षीय एक व्यक्ति को करीब एक किलोमीटर तक रोड पर घसीटा। पीड़ित की पहचान मुथप्पा के रूप में हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु के नयन्दहल्ली निवासी साहिल ने मगदी रोड पर बलेनो कार को टक्कर मार दी। जिसके बाद बीजापुर जिले के मूल निवासी कार चालक मुथप्पा ने उसे रोक कर उससे बात करने का प्रयास किया। लेकिन साहिल ने अपने वाहन को भगा दिया, इस दौरान मुथप्पा उसके स्कूटर के पिछले हिस्से पर चढ़ने में कामयाब हो गए।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में भुवनेश्वर में रेलवे के एक पूर्व अधिकारी प्रमोद कुमार जैन के ठिकानों पर मंगलवार को छापेमारी की। इस दौरान 1.5 करोड़ रुपये कैश, 8.5 करोड़ रुपये का 17 किलोग्राम सोना और 2.5 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि बरामद की।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “21 अरबपतियों के पास 70 करोड़ भारतीयों से ज़्यादा संपत्ति। सबसे अमीर 1% आबादी के पास हिंदुस्तान का 40% धन। UPA ने 20 करोड़ से ज़्यादा लोगों को ग़रीबी से निकाला। PM की 'ग़रीबी बढ़ाओ' नीतियों ने उन्हें फिर ग़रीबी में धकेला। भारत जोड़ो यात्रा इन नीतियों के ख़िलाफ़ देश की हुंकार है।”
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
कंझावला मामला में जिस कार से महिला को 12 किलोमीटर तक घसीटा गया था और उसकी मौत हो गई थी, उस कार के मालिक आशुतोष भारद्वाज को दिल्ली की अदालत ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने ये शर्त रखी है कि आशुतोष बिना कोर्ट की इजाज़त के दिल्ली नहीं छोड़ सकते। कोर्ट ने कहा कि आरोपी सबूतों से छेड़छाड़ नहीं कर सकते। इसके साथ ही आशुतोष को गवाहों से संपर्क नहीं करने का भी आदेश दिया गया है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, “बक्सर में मुआवजे को लेकर जो हुआ है उसमें NTPC के काम में भुगतान हुआ है। अभी वहां कोई पाइपलाइन बिछनी है उसको लेकर किसान मांग कर रहे हैं। हमने अपने लोगों को बोला है कि पता करें कि क्या बात है।”
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, जोशीमठ जैसी स्थिति रानीगंज (बर्धमान ज़िले के रानीगंज) में भी है हम सरकार से 10 सालों से लड़ रहे हैं। कोल इंडिया को लेकर जो पैसे देने की बात थी आज तक पैसे नहीं दिए। रानीगंज में भी ऐसी स्थिति होने से 30 हज़ार लोग प्रभावित होंगे।”
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पंजाब के होशियारपुर में 'भारत जोड़ो यात्रा' के बीच प्रेस से बात की। राहुल गांधी ने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा' के चार महीने से ज्यादा हो गए हैं। यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई और अब पंजाब से निकल रही है। कल हम हिमाचल प्रदेश में होंगे। पदयात्रा का मकसद हिंदुस्तान में जो नफरत फैलाई जा रही है, हिंसा फैलाई जा रही है उसके खिलाफ खड़ा होना है। देश में जो बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता बढ़ती जा रही है उसके खिलाफ हमने यह यात्रा शुरू की और यह यात्रा बहुत सफल रही है।"
उन्होंने कहा, "देश में आर्थिक असमानता को लेकर दो आंकड़े आज मुझे मिले हैं। हिंदुस्तान के 21 सबसे अमीर लोगों के पास उतना ही धन है, जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है, यह पहला आंकड़ा है। दूसरा आंकड़ा यह है कि हिंदुस्तान के सबसे अमीर 1 फीसदी के पास हिंदुस्तान का 40 फीसदी धन है। इन चीजों के खिलाफ हमने यह यात्रा शुरू की है।"
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "देश के आज सभी संस्थानों पर बीजेपी और आरएसएस का कंट्रोल है। हिंदुस्तान के सभी संस्थानों पर उनका दबाव है। प्रेस पर दबाव है, नौकरशाही दबाव है, चुनाव आयोग पर दबाव है, न्यायापालिका पर दबाव है। सभी संस्थान इन्होंने कब्जा कर रखा है। यह लड़ाई अब वैसी लड़ाई नहीं रह गई जो पहले राजनीतिक लड़ाई हुआ करती थी। यह एक राजनीतिक पार्टी की दूसरी राजनीतिक पार्टी के बीच में लड़ाई नहीं है।"
राहुल गांधी ने कहा, "किसानों पर लगातार आक्रमण हो रहा है। अलग-अलग तरीके से हो रहा है। जो किसान को सुरक्षा मिलनी चाहिए, वह सुरक्षा उसे नहीं मिल रही है। यूपीए के समय हमने सुरक्षा दी थी। कर्जा माफ किया था, एमएसपी थी, अलग-अलग हमारे अपरोच थे। मेरा मानना है कि हमें उससे भी ज्यादा करना चाहिए था। क्योंकि किसान देश को भोजन देता है। वह एक प्रकार से देश की रीड़ की हड्डी है। किसानी पर बाकी चीजे बिल्ड हो सकती हैं। चाहे हमारी यहां सरकार आए, चाहे यूपीए जैसी सेंटर में हमारी सरकार आए। किसान मारे मुख्य बिंदू के केंद्र होंगे। किसानों की हम सुरक्षा करेंगे।”
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शास्त्री पार्क इलाके में कल रात 11 बजे एक मनी ट्रांसफर की दुकान चलाने वाले शख्स के साथ लूटपाट हुई। वह दुकान बंद कर रहा था उसी दौरान बाइक पर 2 बदमाश आए, बैग छीना और पैर में गोली मारकर भाग गए। FIR दर्ज की गई है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान में हम 26 जनवरी से 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' शुरू कर रहे हैं। हमारे यहां चुनाव में 10 महीने रह गए हैं। पिछले 30 सालों का इतिहास है कि यहां सरकार रिपीट नहीं होती है। हमारा ध्येय है कि यहां सरकार दोबारा रिपीट हो और बहुमत के साथ हम चुनाव जीतें।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सर्दी के साथ शीतलहर की मार जारी है। सीकर में शीतलहर के कहर के बीच पारा शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा, “बीजेपी ने आर्थिक असमानता की खाई को इतना गहरा कर दिया है कि देश का आम इंसान उसमें धंसता जा रहा है। भारत में सबसे अमीर 1 फीसदी के पास देश की कुल संपत्ति का 40 फीदसी से ज्यादा हिस्सा है, जबकि आधी आबादी के पास 3 फीसदी ही हिस्सा बचा है! भारत जोड़ो यात्रा,आर्थिक असमानता की खाई को भरने का आंदोलन है।”
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
गाजियाबाद के एडीसीपी यातायात रामानंद कुशवाहा ने कहा, “दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर 2-3 पहिया वाहन निषेध हैं। हमने लोगों को जागरुक किया था मगर लोग नहीं मानें। अब हम नो एंट्री की अवहेलना करने वालों का चालान कर रहे हैं जिसकी राशि 20,000 रुपए है। हमने दोपहिया वाहनों के 2600 चालान किए हैं।”
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड और शीतलहर की मार जारी है। दिल्ली के सफदरजंग में आज न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पालम में सुबह 5.30 बजे तक न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 15 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 17 Jan 2023, 8:02 AM IST