हालात

बड़ी खबर LIVE: बिहार में जीतिया पर्व पर स्नान के दौरान डूबने से 37 बच्चों समेत 46 की मौत, मुआवजे का ऐलान

बिहार में जीतिया त्योहार के दौरान बुधवार को अलग-अलग जिलों में नदियों और तालाबों में पवित्र स्नान करते समय 37 बच्चों समेत 46 लोगों की डूबने से मौत हो गई। राज्य सरकार ने गुरुवार को मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया।

फोटो:सोशल मीडिया
फोटो:सोशल मीडिया 

नोएडा : दहेज के लिए महिला की हत्या का आरोप

थाना बिसरख क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को एक महिला का शव मिला, जिसके बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आज थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रोजा जलालपुर के पास एक महिला का शव पड़ा है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान 32 वर्षीय नीरज के रूप में हुई।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

मनीष सिसोदिया ने उपराज्यपाल को घेरा, बोले- बीजेपी षड्यंत्र कर रही है

बीजेपी दिल्ली नगर निगम में लोकतंत्र की हत्या कर रही है: मनीष सिसोदिया

यूपी पीएससी में आरक्षित वर्ग की चयन प्रक्रिया में बदलाव की मांग, अखिलेश बोले- अदालत जाएंगे

महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए  चुनाव आयोग की टीम मुंबई पहुंची

दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन तमिलनाडु भवन पहुंचे

मणिपुर के मानवाधिकार कार्यकर्ता ने आत्मदाह करने की धमकी दी

मणिपुर के मानवाधिकार कार्यकर्ता मालेम थोंगम ने बृहस्पतिवार को 10 कुकी-जो विधायकों को विधानसभा से हटाने की मांग की और मांगें पूरी न होने पर मुख्यमंत्री के बंगले के सामने आत्मदाह करने की धमकी दी। थोंगम ने दावा किया कि कुकी-जो विधायक “राज्य में संकट में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं, खासकर एक अलग प्रशासन की मांग के संबंध में।”

थोंगम ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हालांकि, सरकार और राज्य भाजपा द्वारा उनके खिलाफ अभी तक कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गयी है। भाजपा ने भी अब तक सात विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से नहीं हटाया है (अलग प्रशासन की मांग करने के कारण)।”

कार्यकर्ता ने कहा, “मेरी मांग सदन से 10 विधायकों को हटाने की है। अगर 10 दिनों के भीतर मांग पूरी नहीं हुई तो मैं मुख्यमंत्री के बंगले के बाहर आत्मदाह कर लूंगा।” थोंगम ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और राज्य भाजपा अध्यक्ष ए. शारदा से अलग-अलग सवाल में जानना चाहा कि पृथक प्रशासन की मांग करने वाले दो कैबिनेट मंत्रियों (कुकी-जो समुदाय के) के खिलाफ क्या कदम उठाए गए। मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्षों में 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

नगालैंड सरकार ने अविमुक्तेश्वरानंद को ‘गौ ध्वज यात्रा’ निकालने से रोका, वापस लौटना पड़ा

‘गौ ध्वज स्थापना भारत यात्रा’ के लिए नगालैंड पहुंचे एक संत और पांच अन्य लोगों को राज्य सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण लौटने को कहा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पांच अन्य लोगों के साथ बृहस्पतिवार को दीमापुर पहुंचे हालांकि उन्हें वापस लौटना पड़ा। शंकराचार्य को ‘गौ ध्वज स्थापना भारत यात्रा’ निकालनी थी, जिसका उद्देशय गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने और गोहत्या पर रोक लगाने के लिए एक केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू करना था।

एक अधिकारी ने हालांकि बताया कि दीमापुर हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद राज्य सरकार के आदेश के कारण उन्हें (शंकराचार्य को) हवाई अड्डे से बाहर निकलने से रोक दिया गया।चुमौकेदिमा जिले के उपायुक्त पोलन जॉन ने बताया, “राज्य सरकार के आदेश के अनुसार स्वामी और अन्य को हवाई अड्डे से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।” उपायुक्त ने उन्हें (संतों को) राज्य सरकार के उस निर्णय के बारे में बताया, जिसमें ‘गौ ध्वज यात्रा’ की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया गया है। ‘गौ ध्वज यात्रा’ का आयोजन गौहत्या पर प्रतिबंध को बढ़ावा देने के लिए किया गया था।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

बिहार में जीतिया पर्व पर स्नान के दौरान डूबने से 37 बच्चों समते 46 की मौत, राज्य सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान

बिहार में जीवित्पुत्रिका व्रत त्योहार के दौरान अलग-अलग घटनाओं में नदियों और तालाबों में पवित्र स्नान करते समय 37 बच्चों समेत 46 लोगों की डूबने से मौत हो गई। राज्य सरकार ने गुरुवार को एक बयान में यह जानकारी दी। ये घटनाएं बुधवार को त्योहार के दौरान राज्य के 15 जिलों में हुईं।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘कल राज्य में मनाए गए जीवित्पुत्रिका पर्व के अवसर पर पवित्र स्नान करते समय 46 लोगों की डूबने से मौत हो गई।’’ जीवित्पुत्रिका त्योहार के दौरान महिलाएं अपने बच्चों की कुशलता के लिए व्रत रखती हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश के बाद डीएमडी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बयान में कहा गया है कि आठ मृतकों के परिजनों को पहले ही अनुग्रह राशि दे दी गई है। जिन जिलों में यह हादसे हुए, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, नालंदा, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर, सीवान, रोहतास, सारण, पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गोपालगंज और अरवल शामिल हैं।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

महाराष्ट्र के मंत्री और NCP नेता छगन भुजबल की अचानक तबीयत बिगड़ी, बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया

महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें विशेष विमान से पुणे से मुंबई लाया गया, जिसके बाद भुजबल को बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

AAP ने पंजाब सीएम भगवंत मान के स्वास्थ्य को लेकर जारी किया बयान, आज मोहाली के अस्पताल में कराया गया है भर्ती

आप ने बताया कि पंजाब के सीएम भगवंत मान को नियमित जांच के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विभिन्न परीक्षणों के माध्यम से सीएम की स्वास्थ्य स्थिति का विवरण लिया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि मुख्यमंत्री अभी बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें कोई विशेष समस्या नहीं हो रही है। डॉक्टरों ने अपनी जांच में पाया है कि उनके फेफड़ों की एक धमनी में सूजन के लक्षण हैं, जो हृदय पर दबाव बना रही है, जिसके कारण रक्तचाप में उतार-चढ़ाव होने लगता है, इस पर अभी कुछ और परीक्षण किए जाने हैं और कुछ और रक्त परीक्षण किए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

RSS के लोग संविधान खत्म करना चाहते हैं, कांग्रेस हर कीमत पर संविधान की रक्षा करती रहेगीः राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश का संविधान गरीबों की रक्षा करता है। वहीं, आरएसएस के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस हर कीमत पर संविधान की रक्षा करती रहेगी।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

मुंबई में हाजी अली दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी मिली, बम स्क्वायड की जांच में कुछ नहीं मिला, पुलिस ने केस दर्ज किया

मुंबई पुलिस ने बताया कि हाजी अली दरगाह ट्रस्ट के कार्यालय में शाम करीब 5 बजे एक कॉल आया जिसमें मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित हाजी अली दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को पवन बताया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया तथा दरगाह के बारे में विवादित बयान दिया। हाजी अली दरगाह के प्रशासनिक अधिकारी ने इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन में की। पुलिस स्टेशन अधिकारी और बम स्क्वायड टीम ने दरगाह पहुंचकर जांच की लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ताड़देव थाने ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद चेन्नई के पुझल केंद्रीय कारागार से रिहा कर दिया गया

दिल्लीः आप पार्षदों की तलाशी पर हंगामे के कारण एमसीडी स्थायी समिति का चुनाव स्थगित

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को बृहस्पतिवार को पार्षदों की तलाशी को लेकर व्यवधान के बाद स्थगित कर दिया गया और सदन की बैठक पांच अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई। पार्षदों के पास मोबाइल फोन है या नहीं यह जांचने के लिए उनकी तलाशी लेने के मुद्दे पर हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

जैसे ही महापौर शेली ओबेरॉय सदन में दाखिल हुईं, उन्होंने पार्षदों की सुरक्षा जांच पर चिंता जताई और दावा किया कि ऐसा पहली बार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह अलोकतांत्रिक और सदन के सदस्यों के लिए अपमानजनक है। शैली ने कहा, “जिस तरह से तलाशी ली जा रही है, वह अलोकतांत्रिक है और पार्षदों के लिए अपमानजनक है। मैं सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित कर रही हूं और एमसीडी आयुक्त को आदेश देती हूं कि वह पार्षदों को बिना किसी जांच के प्रवेश करने दें।” उन्होंने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

महापौर ने कहा कि वह चाहती थीं कि चुनाव हों, लेकिन तलाशी के कारण माहौल खराब हो गया। उन्होंने कहा, “यह इतिहास में याद रखा जाएगा। अधिकारियों पर दबाव डाला गया और उन्होंने मेरे आदेशों का पालन नहीं किया। मैं सदन की कार्यवाही पांच अक्टूबर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर रही हूं।” इसके बाद वह सदन से बाहर निकल गईं।

भाजपा पार्षदों ने ‘मेयर होश में आओ’ और ‘स्थायी समिति का चुनाव करवाओ’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे पहले, आयुक्त अश्विनी कुमार को माइक्रोफोन पर सभी से नियमों का पालन करने और सदन में मोबाइल फोन न लाने का अनुरोध करते हुए सुना गया। नगर निगम ने सदन में मोबाइल फोन प्रतिबंधित करने का आदेश भी चिपकाया हुआ था। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा और ‘आप’ पार्षदों ने इस आदेश पर आपत्ति जताई और महापौर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

एमसीडी की 18 सदस्यीय स्थायी समिति निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है। स्थायी समिति का यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पार्षद कमलजीत सहरावत के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हुई सीट पर हो रहा है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

झारखंड में लोगों को धर्म, जाति के नाम पर भड़का रहे हैं बीजेपी नेता: हेमंत सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर ‘‘राज्य के लोगों को जाति और धर्म के नाम पर भड़काने’’ का आरोप लगाया। सोरेन ने दावा किया कि वर्तमान में राज्य में दिखाई देने वाले भाजपा नेता इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद दिखायी नहीं देंगे।

सोरेन रांची में एक सरकारी समारोह को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने राज्य के करीब 1.77 लाख किसानों के 400 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए। इससे पहले सरकार ने करीब 4.73 लाख किसानों के 50,000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ किए थे। सोरेन ने कहा, ‘‘इससे पहले सरकार ने 50,000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ किए थे। फिर, इसने 2 लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने का फैसला किया।’’

उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर ‘‘20 साल से अधिक समय से झारखंड के ‘जल, जंगल और जमीन’ को बर्बाद करने’’ का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता चुनाव नजदीक आने पर पूरे राज्य में ‘‘घूम रहे हैं।’’ सोरेन ने कहा, ‘‘चुनाव नजदीक आने पर वे (भाजपा नेता) पूरे झारखंड में घूम रहे हैं। कई चेहरे, जिन्हें आपने पहले नहीं देखा होगा, अब दिखाई दे रहे हैं। वे केवल एक बार दिखायी देंगे और उसके बाद वे गायब हो जाएंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वे सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं और जाति और धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं। उनसे सावधान रहें।’’

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

बीजेपी ने खट्टर को इसलिए हटाया गया क्योंकि पता था कि जब तक वो  हैं, उन्हें एक भी सीट नहीं मिलेगीः अमरिंदर सिंह राजा

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि खट्टर साहब को इसलिए हटाया गया क्योंकि बीजेपी ने समझ लिया था कि जब तक खट्टर साहब हैं, उन्हें एक भी सीट नहीं मिलेगी। (भूपिंदर) हुड्डा साहब ने कहा है कि जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनेगी, सीमाएं खोल दी जाएंगी और किसानों को दिल्ली जाने दिया जाएगा।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

बिहार में जीवित्पुत्रिका त्योहार पर स्नान के दौरान डूबने से 46 व्यक्तियों की मौत

बिहार में जीवित्पुत्रिका व्रत त्योहार के दौरान अलग-अलग घटनाओं में नदियों और तालाबों में पवित्र स्नान करते समय 37 बच्चों समेत 46 लोगों की डूबने से मौत हो गई। राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। ये घटनाएं बुधवार को त्योहार के दौरान राज्य के 15 जिलों में हुईं।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘कल राज्य में मनाए गए जीवित्पुत्रिका पर्व के अवसर पर पवित्र स्नान करते समय 46 लोगों की डूबने से मौत हो गई।’’ जीवित्पुत्रिका त्योहार के दौरान महिलाएं अपने बच्चों की कुशलता के लिए व्रत रखती हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश के बाद डीएमडी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बयान में कहा गया है कि आठ मृतकों के परिजनों को पहले ही अनुग्रह राशि दे दी गई है। जिन जिलों में यह हादसे हुए, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, नालंदा, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर, सीवान, रोहतास, सारण, पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गोपालगंज और अरवल शामिल हैं।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एमपॉक्स को लेकर एडवाइजरी जारी की

बिलकीस बानो केसः सुप्रीम कोर्ट ने फैसले की समीक्षा की मांग वाली गुजरात सरकार की याचिका को खारिज किया

उच्चतम न्यायालय ने गुजरात सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें बिलकीस बानो मामले में राज्य के खिलाफ की गई कुछ टिप्पणियों को लेकर फैसले की समीक्षा करने का अनुरोध किया गया था।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

MCD की स्थायी समिति के चुनाव में अनुपस्थित रहेगी कांग्रेस: देवेन्द्र यादव

कांग्रेस दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के चुनाव में अनुपस्थित रहेगी। पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेन्द्र यादव ने यह जानकारी दी। स्थायी समिति का यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पार्षद कमलजीत सहरावत के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हुई सीट पर हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने बताया, “हमने स्थायी समिति चुनाव के मतदान में अनुपस्थित रहने का फैसला किया है।’’

एमसीडी की 18 सदस्यीय स्थायी समिति निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है। एमसीडी की 250 सीट में से 124 पर आम आदमी पार्टी (आप) पार्षदों का कब्जा है, जबकि भाजपा के 115 और कांग्रेस के नौ पार्षद सदन का हिस्सा हैं। इनके अलावा एक निर्दलीय पार्षद है और एक सीट फिलहाल खाली है।

भाजपा ने इस महीने की शुरुआत में वार्ड समिति के चुनावों के जरिए स्थायी समिति में सात सीट हासिल कीं जबकि ‘आप’ के पास पांच सीटें हैं। समिति की मौजूदा संरचना के अनुसार भाजपा के पास नौ और आप के पास आठ सीट हैं। ‘आप’ ने सैनिक एन्क्लेव से पार्षद निर्मला कुमारी को जबकि भाजपा ने रिक्त सीट के लिए सुंदर सिंह को उतारा है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

कृषि कानूनों पर कंगना के बयान पर बोले चिराग- वह राजनीति में नई हैं, उन्हें चीजों को समझने में समय लग रहा है

बीजेपी सांसद कंगना रनौत के कृषि कानूनों पर विवादित बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "मैं कंगना से नाराज नहीं हूं, लेकिन वह अब सिर्फ एक कलाकार नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक पार्टी की सदस्य भी हैं। मैं इस तथ्य को स्वीकार करता हूं कि आपकी अपनी निजी राय हो सकती है, लेकिन जब आप किसी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा होते हैं, तो उस पार्टी के विषयों को सामने रखना आपकी जिम्मेदारी बन जाती है... वह राजनीति में नई हैं, उन्हें चीजों को समझने में समय लग रहा है, लेकिन वह समझदार हैं और वह जल्द ही इन चीजों को समझ जाएंगी।"

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

कर्नाटक कैबिनेट ने राज्य में मामलों की जांच के लिए CBI को दी गई सामान्य सहमति वापस लेने का फैसला किया

ब्रिटेन ने इजराइल-हिजबुल्ला के बीच पूर्ण युद्ध को टालने के लिए तुरंत युद्धविराम का आह्वान किया

ब्रिटेन ने अमेरिका और अन्य यूरोपीय देशों के साथ लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्ला और इजराइल के बीच तुरंत युद्धविराम का आह्वान किया है और चेताया है कि क्षेत्र में इस समय संघर्ष के पूर्ण युद्ध की तरफ बढ़ने का खतरा है।

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक के दौरान एक बयान में ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड लैमी ने इजराइल पर पिछले 11 महीनों में हिजबुल्ला के हमलों की निंदा की और दोहराया कि इन हमलों को उचित नहीं ठहराया जा सकता जिसके कारण लेबनान और इजराइल के आम लोगों का जीवन बदहाल हो गया है।

ईरान को दिए गए एक संदेश में लैमी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र (संरा) का उल्लंघन करके आतंकी संगठनों को हथियारों की आपूर्ति को किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने तेहरान से अनुरोध किया कि वह हिजबुल्ला पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल संघर्षविराम समझौते के प्रति उसे राजी करने के लिए करे।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

बिहार में जीवित्पुत्रिका त्योहार पर स्नान के दौरान डूबने से 43 व्यक्तियों की मौत, तीन लापता

बिहार में जीवित्पुत्रिका व्रत त्योहार के दौरान अलग-अलग घटनाओं में नदियों और तालाबों में पवित्र स्नान करते समय 37 बच्चों समेत 43 लोगों की डूबने से मौत हो गई तथा तीन अन्य लापता हो गए। राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। ये घटनाएं बुधवार को त्योहार के दौरान राज्य के 15 जिलों में हुईं।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

हरियाण विधानसभा चुनाव: राहुल गांधी ने जनसभा को किया संबोधित, कहा-  बीजेपी सरकार में एक के बाद एक सभी दरवाजे बंद हो चुके हैं

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "...जब मुझे बताया गया कि हरियाणा से 15 से 20 हजार लोग अमेरिका गए हैं तो मैं हैरान हो गया। हरियाणा से इतने लोग अमेरिका क्यों जा रहे हैं ये सवाल मेरे मन में उठा। फिर मैं डैलस में आपके भाइयों से एक छोटे से घर में जाकर मिला। आपके भाई डैलस में एक कमरे में 15 से 20 लोग सोते हैं। मैंने उनसे पूछा कि वे वहां कैसे आए तो उन्होंने मुझे देशों की लिस्ट दे दी... उन्होंने मुझे कहा कि हरियाणा में हमारे जैसे लोगों के लिए अब कुछ नहीं बचा है। अगर एक युवा गरीब है, अरबपति का बेटा नहीं है, तो न उसे बैंक लोन मिल सकता है, न वो व्यापार कर सकता है... एक के बाद एक सभी दरवाजे बंद हो चुके हैं।"

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

ओडिशा में भारी बारिश: पुरी में स्कूल बंद, कोणार्क मंदिर में जलभराव

ओडिशा में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर पुरी जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए अपने अधिकार क्षेत्र में सभी विद्यालयों को बंद करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण ओडिशा में भारी बारिश का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों के अनुसार, पुरी और पारादीप में बुधवार शाम 5.30 बजे से बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक तीन-तीन सेमी बारिश हुई, जबकि भुवनेश्वर में दो सेमी बारिश हुई। उन्होंने बताया कि तटीय जिलों में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

ठाणे में भारी बारिश के बाद दीवार ढही, कोई हताहत नहीं

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारी बारिश के बाद एक हाउसिंग सोसाइटी के सामने स्थित नाले की दीवार ढह गई। वहीं, बाईपास पर एक बड़ा पत्थर गिर गया। नगर निगम के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि बुधवार को हुई इन घटनाओं में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।

उन्होंने बताया कि ठाणे में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में 82.02 मिमी बारिश हुई।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

हरियाणा विधानसभा चुनाव: राज बब्बर ने कहा- हर व्यक्ति कह रहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आ रही है

कांग्रेस नेता राज बब्बर ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कहा, "...हर व्यक्ति यह कह रहा है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आ रही है। जिस तरह से 10 साल हरियाणा में भाजपा की सरकार चली है यह उसका परिणाम है, जनता ने उनका हिसाब चुकाने का इंतजाम कर लिया है। मैं बहुत आश्वस्त हूं लोगों ने हरियाणा में बदलाव का मन बना लिया है।" मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उन्होंने कहा, "...मुख्यमंत्री को लेकर विधायकों की आवाज़ उठती है वे बताते हैं और हाईकमान उसपर अपना निर्णय लेता है, विधायक तय करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन होगा और मुख्यमंत्री वही होगा जिसे लोग चाहते हैं..."

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

नगालैंड और अरुणाचल में अफस्पा छह महीने के लिए बढ़ाया गया

 नगालैंड के आठ और अरुणाचल प्रदेश के तीन जिलों एवं कुछ अन्य क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के बाद सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम (अफस्पा) और छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है।

किसी क्षेत्र या जिले को अफस्पा के तहत अशांत क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया जाता है ताकि वहां सशस्त्र बलों की गतिविधियों को सुगम बनाया जा सके।

अफस्पा के तहत अशांत क्षेत्रों में तैनात सशस्त्र बलों को “कानून व्यवस्था बनाए रखने” के लिए आवश्यकता होने पर तलाशी लेने, गिरफ्तारी करने और गोलियां चलाने के व्यापक अधिकार मिलते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि केंद्र सरकार ने सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम, 1958 की धारा तीन द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए नगालैंड के आठ जिलों और पांच दूसरे जिलों के 21 थाना क्षेत्रों को एक अप्रैल, 2024 से छह महीने के लिए 'अशांत क्षेत्र' घोषित किया था।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

बदलापुर एनकाउंटर पर संजय राउत ने कहा- एनकाउंटर का श्रेय लेने की होड़ मची है कि मैं सिंघम या तू सिंघम

बदलापुर एनकाउंटर पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, "...मैं पहली बार देश में देख रहा हूं कि एक सरकार में दो नेता हैं जिसमें से एक राज्य के मुख्यमंत्री हैं और दूसरे उपमुख्यमंत्री हैं। उनके बीच एनकाउंटर का श्रेय लेने की होड़ मची है कि मैं सिंघम या तू सिंघम। ये जो होड़ मची है इसी से साफ होता है कि राज्य में कितनी बड़ी राजनीति चल रही है। देवेंद्र फडणवीस के कार्यकाल में पिछले एक साल में 100 से ज्यादा महिलाओं के बलात्कार और हत्याएं हुई हैं। कितने लोगों का एनकाउंटर किया गया?... एनकाउंटर एक ही क्यों? जिसने जिसने दुष्कर्म किए या महिलाओं पर अत्याचार करे हैं उन सभी के एनकाउंटर कर दो फिर... इस मामले के पीछे कुछ रहस्य है..."

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

मुंबई में भारी बारिश के बाद हाईटाइड का अलर्ट जारी, लोगों से घरों में रहने की सलाह

मुंबई में आज दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर हाईटाइड का अलर्ट है। समंदर की लहरें 2.29 मीटर तक उठ सकती हैं। महाराष्ट्र के अलग अलग जिलों में भारी बारिश से बुरा हाल है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

चंडीगढ़: शहर के कई इलाकों में बारिश हुई।

झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट से बल्लभगढ़ जा रही मालगाड़ी के दो डिब्बे डिरेल

झारखंड में तुपकडीह रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। मालगाड़ी बोकारो स्टील प्लांट से बल्लभगढ़ जा रही थी। इसके कारण आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। बोकारो गोमो रेलवे रूट पर रेल यातायात बाधित हुआ है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

मुंबई: भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति देखी गई

मुंबई में बांद्रा रिक्लेमेशन से है, कल हुई भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति देखी गई। IMD के अनुसार, मुंबई में आज 'भारी बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने' की संभावना है।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

भारी बारिश से मुंबई बेहाल, आज स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद, उड़ानों-लोकल ट्रेन पर लगा ब्रेक

मुंबई के अंधेरी, विलेपार्ले, बांद्रा समेत कुर्ला, घाटकोपर, वर्ली सहित कई इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। इसके चलते आज मुंबई में कई इलाकों में स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। वहीं स्पाइसजेट, इंडिगो और विस्तारा ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि कुछ उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण जलभराव और खराब दृश्यता से सड़क यातायात धीमा हो गया. मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली उपनगरीय रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई।

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 26 Sep 2024, 7:50 AM IST