देश

हरियाणा विधानसभा चुनाव: यह लड़ाई अन्याय और दुष्टों के खिलाफ है, बीजेपी को सत्ता से हटाना है, जुलाना की रैली में प्रियंका

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘वह (मोदी) ऐसे कृषि कानून लाने जा रहे थे, जिनका आप पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता। वह जानते थे कि उन कृषि कानूनों से केवल बड़े उद्योगपतियों को ही फायदा होगा। किसानों को कोई फायदा नहीं होता।"

हरियाणा के जुलाना में चुनावी रैली के दौरान प्रियंका गांधी
हरियाणा के जुलाना में चुनावी रैली के दौरान प्रियंका गांधी 

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को हरियाणा के लोगों से पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया और कहा कि यह ‘‘दुष्टों, अन्याय और असत्य’’ के खिलाफ लड़ाई है। प्रियंका ने हरियाणा के जुलाना में अपनी पार्टी की उम्मीदवार और ओलंपिक पहलवान विनेश फोगाट के पक्ष में प्रचार करने के दौरान एक रैली को संबोधित किया।

रोजगार, अग्निवीर सैन्य भर्ती योजना और किसानों के कल्याण सहित अन्य मुद्दों को लेकर राज्य की बीजेपी नीत सरकार पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने हर स्तर पर लोगों को ‘‘धोखा’’ दिया है।

Published: undefined

उन्होंने कहा, ‘‘कुरुक्षेत्र की लड़ाई और ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ाई जैसा मौका फिर आ गया है। आज ये आपकी लड़ाई है, जो अन्याय, असत्य और दुष्टों के खिलाफ है। आपको खड़ा होना होगा, अपने अंदर झांकना होगा और देखना होगा कि क्या हो रहा है।’’

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार केवल मुट्ठी भर उद्योगपतियों के लाभ के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने में असमर्थ है, क्योंकि इसने ‘‘सब कुछ अंबानी और अडानी को दे दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सभी बंदरगाह, भूमि, उद्योग, हवाई अड्डे बड़े उद्योगपतियों को दे दिए गए हैं।’’

Published: undefined

कांग्रेस नेता ने कहा कि आज छोटे व्यवसायों और कृषि क्षेत्र से रोजगार के कोई अवसर पैदा नहीं हो सकते। उन्होंने दावा किया, ‘‘यह (बीजेपी सरकार) रोजगार देने का काम नहीं कर सकती, क्योंकि इसकी नीतियां इसके (रोजगार सृजन) खिलाफ हैं।’’

अग्निपथ योजना का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि अग्निवीरों को कोई पेंशन नहीं मिलेगी और चार साल की सेवा के बाद उन्हें फिर से रोजगार की तलाश करनी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘ये वो है, जो मोदीजी ने आपको दिया है।’’

Published: undefined

प्रियंका गांधी ने ‘परिवार पहचान पत्र’ योजना को लेकर भी बीजेपी सरकार की आलोचना की और कहा कि इससे लोगों को कई मुश्किलें हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आपको 10 साल तक गुमराह किया गया। आप 10 साल से किसानों, जवानों, पहलवानों और महिलाओं के साथ अन्याय देख रहे हैं।’’

अब निरस्त हो चुके तीन कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कृषक समुदाय के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने दिल्ली की सीमाओं पर बैठे प्रदर्शनकारी किसानों से मिलने के लिए पांच मिनट भी बाहर आने की जहमत नहीं उठाई।’’

Published: undefined

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘वह (मोदी) ऐसे कृषि कानून लाने जा रहे थे, जिनका आप पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता। वह जानते थे कि उन कृषि कानूनों से केवल बड़े उद्योगपतियों को ही फायदा होगा। किसानों को कोई फायदा नहीं होता। आपने कई महीनों तक संघर्ष किया और आपको पीटा गया, 750 किसानों की जान चली गई। उन्होंने उत्तर प्रदेश के चुनाव आने पर ही नरमी दिखाई।’’

Published: undefined

24 फसलों पर एमएसपी देने के बीजेपी सरकार के दावे पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उनमें से 10 तो हरियाणा में उगाई ही नहीं जातीं। गांधी ने कहा, ‘‘वे किसे बेवकूफ बना रहे हैं? पूरा देश देख रहा है।’’ उन्होंने लोगों से अपील की, ‘‘इस सरकार को बदलो। बीजेपी को उखाड़ फेंको।’’

Published: undefined