लोकसभा चुनाव: राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ता से कहा, 'जनता को बताएं कि बीजेपी संविधान मिटाने की कर रही है कोशिश'

राहुल गांधी ने कहा कि यह कोई आम चुनाव नहीं है बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। आप जैसे 'बब्बर शेर' कार्यकर्ताओं के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए है क्योंकि कांग्रेस पार्टी की सोच और विचारधारा आपके अंदर है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से एक दिन पहले पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता को बताएं कि भारतीय जनता पार्टी हिंदुस्तान की सोच पर हमला कर रही है और संविधान को मिटाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई आम चुनाव नहीं है बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं के नाम जारी एक वीडियो संदेश में कहा, "आप हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। मैंने सोचा कि चुनाव का समय है, अत: मैं आपसे थोड़ी सी सीधी बात कर लूं।"

राहुल गांधी ने कहा, "यह आम चुनाव नहीं है। यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है, जिसमें आप जैसे 'बब्बर शेर' कार्यकर्ताओं के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए है क्योंकि कांग्रेस पार्टी की सोच और विचारधारा आपके अंदर है, आपकी रगों में हैं।"

कांग्रेस नेता ने पार्टी के घोषणा पत्र में की गई कई बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक बेहतरीन घोषणापत्र है।

राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, "हमने जनता की बात सुनकर यह घोषणापत्र तैयार किया है। आप इसके बारे में देश की जनता को बताइए।"

उन्होंने कहा, "जनता को बताइए कि भाजपा हिंदुस्तान की सोच पर हमला कर रही है, हिंदुस्तान की विचारधारा को खत्म कर रही है, संविधान को मिटाने की कोशिश कर रही है।"

लोकसभा चुनाव के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान का पहला चरण शुक्रवार को होगा। मतगणना चार जून को होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia